Punjab में नशा पीड़ितों के परिजनों से मिले Amit Shah, CBI जांच की मांग पर न्याय का भरोसा दिया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026

(फोटो के साथ) चंडीगढ़, 20 अक्टूबर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के संगरूर में मादक पदार्थ की समस्या का मुद्दा उठाने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या करने वाले गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की। शाह पंजाब के एक-दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह राज्य में नशे की समस्या से जुड़ी घटनाओं में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों से मुलाकात कर रहे हैं।

इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को विपक्ष की ओर से कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा। विपक्ष ने गुलजार की मौत की सीबीआई जांच की मांग भी की थी। शाह ने दिन में सबसे पहले गुरदासपुर पहुंचकर नशे की समस्या से कथित तौर पर जुड़ी एक घटना में जान गंवाने वाले 40-वर्षीय व्यक्ति के परिवार से मुलाकात की।

इसके बाद वह गुलजार के परिवार से मिलने संगरूर पहुंचे। मुलाकात के बाद गुलजार के बेटे शहबाज सिंह ने मीडिया को बताया कि शाह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय मिलेगा। शहबाज ने कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री ने हमें भरोसा दिलाया कि न्याय मिलेगा।

उन्होंने बताया कि मंत्री ने कहा कि इस मामले में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, हमने मामले की सीबीआई जांच की मांग की। मुलाकात के दौरान शहबाज अपने पिता की तस्वीर के पास बैठे थे।

संगरूर के शेरों गांव के निवासी मोहनजीत सिंह ने कहा कि केंद्रीय मंत्री ने उनकी बात धैर्यपूर्वक सुनी। मोहनजीत ने कहा, उन्होंने चिट्टा (सिंथेटिक मादक पदार्थों) पर भी चर्चा की और कहा कि इसे खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शाह का उनसे मिलना महत्वपूर्ण है, जबकि मुख्यमंत्री ने उनसे मुलाकात नहीं की।

मोहनजीत ने यह दावा भी किया कि दो सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान के लोक मिलनी कार्यक्रम के आयोजन स्थल के पास एक घर की छत से काला झंडा दिखाने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और प्रताड़ित किया। शाह ने दिन में पहले बटाला पहुंचने के बाद मारी पनवां गांव का दौरा किया। वहां उन्होंने बिक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात की, जिनकी 15 अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी।

ग्रामीणों का दावा है कि बिक्रमजीत को अपने इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री का विरोध करने के कारण निशाना बनाया गया था। हालांकि, पुलिस ने कहा कि उनकी हत्या मोबाइल फोन को लेकर दो समूहों के बीच हुए झगड़े के कारण की गई। मुलाकात के एक वीडियो में शाह बिक्रमजीत की मां के पास बैठे दिखाई दिए।

बिक्रमजीत के परिवार के एक सदस्य ने कहा कि शाह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि मामले में न्याय सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा, हमने न्याय की मांग की और उन्होंने हमारी मांगों से जुड़े ज्ञापन को पढ़कर अपने साथ ले गए। परिवार ने उम्मीद जताई कि पंजाब नशामुक्त राज्य बनेगा।

पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री ने न्याय सुनिश्चित करने का भरोसा दिया। उन्होंने यह भी दोहराया कि दिसंबर 2029 तक नशे की समस्या को खत्म कर दिया जाएगा। शर्मा ने कहा कि बिक्रमजीत के परिवार ने ‘आप’ सरकार से निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने को लेकर संदेह जताया।

परिवार ने घटना की सीबीआई जांच की मांग भी की। बटाला में शाह के साथ पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों भी मौजूद थे। इसके बाद मानसा में शाह ने नशे के खिलाफ काम करने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के परिवार से मुलाकात की।

झोटा की पिछले सप्ताह एक मेडिकल स्टोर के मालिक ने हत्या कर दी थी। शाह के दौरे से कुछ घंटे पहले मुख्यमंत्री मान ने घोषणा की थी कि सरकार ने हत्या मामले की जांच का जिम्मा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का फैसला किया है। झोटा मेडिकल स्टोरों पर नशे की लत लगाने वाले पदार्थों की अवैध बिक्री का विरोध करने के लिए जाने जाते थे।

13 अक्टूबर को मानसा में एक व्यस्त मेडिकल स्टोर के अंदर उन्हें गोली मार दी गई थी। इससे पहले उन्होंने एक बुजुर्ग व्यक्ति को मादक पदार्थ बेचने को लेकर दुकानदार से सवाल किया था। इस घटना के बाद दुकान के मालिक अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से गिरफ्तार किया गया था।

यह घटना उस समय हुई थी, जब झोटा फेसबुक लाइव कर रहे थे। इस घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

शाह ने 20 दिन में दूसरी बार पंजाब का दौरा किया। इससे पहले उन्होंने 30 सितंबर को जालंधर का दौरा किया था, जहां उन्होंने भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा के समापन पर एक रैली को संबोधित किया था। शाह दशहरा समारोह के तहत लुधियाना के दरेसी मैदान में रावण दहन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले भाजपा समेत विपक्षी दल राज्य में नशे की समस्या को लेकर आप सरकार को निशाना बना रहे हैं। इससे पहले पंजाब में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने केंद्रीय गृह मंत्री की आलोचना की।

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने उनसे राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय पाकिस्तान से पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी और गुजरात के एक बंदरगाह से नशीले पदार्थों की आपूर्ति के बारे में जवाब देने को कहा। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भी भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार से गैंगस्टरवाद, नशीले पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली के मुद्दों पर जवाब मांगा।

प्रमुख खबरें

Asian Para Games में Himanshu Nandal और निरंजन मुकुंदन ने जीते कांस्य पदक

यमन के Shabwa में Houthi मिसाइल हमले में 73 की मौत, 200 से अधिक रंगरूट घायल

भारत रिफाइनिंग महाशक्ति, US प्रतिनिधिमंडल करेगा Reliance से बात: Marco Rubio

भारत-अमेरिका ट्रेड डील जल्द होगी फाइनल? Marco Rubio ने दिया बड़ा अपडेट