अमित शाह का वादा, अगले पांच साल में काशी को बनाएंगे अद्भुत नगरी

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2019

वाराणसी। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी में अभी विकास की झलक मात्र दिखायी है और आने वाले पांच वर्षों में काशी विकास की दृष्टि से भी अद्भुत नगरी बनेगी। वाराणसी से दोबारा सांसद बनने के बाद काशी आये मोदी के साथ यहां पहुंचे शाह ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा ‘‘मोदी ने काशी के विकास के लिए जो गहरी योजना बनायी है, अभी आपने उसकी एक ही झलक देखी है। मुझे पूरा भरोसा है कि मोदी के दूसरे कार्यकाल में काशी विकास की दृष्टि से भी विश्व की अद्भुत नगरी बनेगी।’’ उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 की काशी और आज के बनारस में बड़ा अंतर आया है। कोई और क्षेत्र होता तो काम आसान होता, मगर काशी दुनिया की सबसे पुरानी नगरी है। यहां की जनता, यहां की परम्पराओं, यहां की आध्यात्मिकता और ज्ञान की ऊंचाई को संभालने, सहेजने और आगे बढ़ाने के साथ काशी का विकास करना भी बहुत बड़ी बात है।

इसे भी पढ़ें: सियासी पंडितों को अब मानना होगा, अंकगणित के आगे एक केमेस्ट्री भी होती है

उन्होंने कहा ‘‘मोदी जब एक के बाद एक चार बार गुजरात के मुख्यमंत्री बने तो पूरे विश्व ने स्वीकार किया कि भारत के सबसे सफल मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ही हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में मोदी को प्राप्त करना काशीवासियों के लिये सौभाग्य की बात है। ’’ भाजपा अध्यक्ष ने कहा ‘‘वर्ष 2014 में मोदी काशी और वड़ोदरा दोनों ही जगह से चुनाव जीते थे। मगर जब चयन का समय आया तो उन्होंने जरा भी देर किए बिना कहा कि मैं काशी के साथ रहना पसंद करूंगा।’’ शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार भाजपा के चुनाव संकल्प पत्र के रोड मैप पर चल रही है। जिस प्रदेश के बारे में कभी कहा जाता था कि वहां विकास के आधार पर नहीं, बल्कि पार्टियों के, जाति के आधार पर चुनाव जीता जाता है, वह उत्तर प्रदेश दो ही साल के अंदर मोदी के बताए विकास के रास्ते पर चल पड़ा है।

प्रमुख खबरें

DU की छात्राओं से छेड़छाड़: Delhi Police ने दो छात्रों अभिनव और अभिमन्यु को किया गिरफ्तार

सतीशन की Chartered विमान यात्रा पर Shashi Tharoor और कांग्रेस नेताओं ने किया बचाव

Tata Sons ने Noel Tata को दिया जवाब, N Chandrasekaran की दोबारा नियुक्ति को सही बताया

Asian Games में Baranica Elangovan ने पोल वॉल्ट में कांस्य जीत रचा इतिहास