अमित शाह ने पंजाब की आप सरकार गिराने की धमकी दी, ये तानाशाही है : Arvind Kejriwal

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 27, 2024

चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लोकसभा चुनाव के बाद पंजाब में भगवंत मान नीत सरकार को गिराने की धमकी देने का आरोप लगाया और कहा कि ये ‘‘तानाशाही’’ है। शाह ने रविवार को लुधियाना में एक चुनावी रैली में लोगों से लोकसभा चुनाव में पंजाब में भाजपा उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने की अपील की और कहा कि ‘‘भाजपा की जीत के बाद भगवंत मान सरकार लंबे समय तक नहीं टिकेगी।’’ 

सोमवार को केजरीवाल ने अमृतसर में व्यापारियों की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘क्या आपने अमित शाह का बयान सुना है? उन्होंने धमकी दी है। शुरुआत में उन्होंने पंजाबियों को बहुत गालियां दीं। उन्होंने (शाह) धमकी दी है कि चार जून के बाद पंजाब सरकार गिर जाएगी और भगवंत मान मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास 92 सीटें (विधायक) हैं। आप (सरकार) कैसे गिरा सकते हैं? (देश में) तानाशाही है।’’ केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वे विधायकों को सीबीआई और ईडी से धमकाएंगे और फिर उन्हें ‘‘खरीद’’ लेंगे। 

आप नेता ने कहा, ‘‘मैं उनसे (शाह से) कहना चाहता हूं...पंजाब के लोगों को धमकाओ मत, अन्यथा वे आपके लिए पंजाब में प्रवेश करना मुश्किल कर देंगे।’’ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी शाह की टिप्पणी को लेकर उनकी आलोचना की। मान ने कहा, ‘‘क्या आपमें सरकार गिराने की हिम्मत है? हमारे पास 92 सीटें हैं। वे हमें धमकी दे रहे हैं। क्या आप यहां वोट मांगने आ रहे हैं या सरकार गिराने की धमकी दे रहे हैं?’’ वहीं, अमृतसर में केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और उन पर बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा, ‘‘वह (मोदी) कह रहे हैं कि ‘इंडिया’ गठबंधन (लोगों की) भैंस और मंगलसूत्र छीन लेगा।’’ 

इसे भी पढ़ें: लू से पीड़ित मरीज़ों के लिए 26 सरकारी अस्पतालों में बिस्तर होंगे आरक्षित : Saurabh Bharadwaj

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता की समस्याओं के बारे में बोलना चाहिए। पुरी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार संबित पात्रा की ‘भगवान जगन्नाथ’ वाली टिप्पणी को लेकर पार्टी पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘‘संबित पात्रा कहते हैं कि भगवान जगन्नाथ मोदी के ‘भक्त’ हैं।’’ पात्रा ने बाद में स्पष्ट किया था कि उनकी जुबान फिसल गई थी और वह यह कहना चाहते थे कि प्रधानमंत्री भगवान जगन्नाथ के भक्त हैं।

प्रमुख खबरें

TRAI ने सैटेलाइट संचार नेटवर्क के लिए अलग लाइसेंस व्यवस्था की सिफारिश की

यूक्रेनी अभिनेता Armen Atayan को Mumbai Sessions Court से मिली जमानत

भारत के Renewable Energy क्षेत्र में 2030 तक 220 अरब डॉलर निवेश की उम्मीद, प्रल्हाद जोशी ने दी जानकारी

ब्राजील के U20 Football मैच में हिंसक झड़प, Referee ने दिखाए 51 Red Card