By अभिनय आकाश | Oct 22, 2026
ऐसे समय में जब राहुल गांधी विदेश यात्रा पर गए हुए हैं और कांग्रेस तथा उसके सहयोगी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं, गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के नेता पर एक और निशाना साधा। उन्होंने भविष्यवाणी की कि कांग्रेस पार्टी अगले तीन दशकों तक सत्ता से बाहर रहेगी। यमुना की सफाई के लिए 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत करने के बाद, शाह ने गांधी की विदेश यात्रा पर तंज कसा। बताया जा रहा है कि कांग्रेस सांसद चार दिन की यात्रा पर वियतनाम गए हैं। शाह ने कहा कि मुझे पता है कि आप मुझे सुन नहीं सकते, आप विदेश में कहीं बैठे हैं। आप यह भी नहीं बताते कि क्यों, लेकिन कोई बात नहीं, यह आपकी निजी ज़िंदगी है... लेकिन जब आप दिल्ली लौटें, तो मेरी बात सुन लें; अगले तीस सालों तक आपकी बारी नहीं आएगी।
बीजेपी नेता संबित पात्रा ने गांधी पर सत्ता परिवर्तन की साजिश रचने का आरोप लगाया और दावा किया कि वे जॉर्ज सोरोस से क्लास लेने के लिए विदेश गए थे। बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने भी सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस नेता विदेश छुट्टियां मनाने गए थे या अपने अराजकता फैलाने वाले साथियों से मिलने। शाह ने बीजेपी पर वोट चोरी का आरोप लगाने के लिए कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर रहे हैं। उन्होंने कहा विरोध-प्रदर्शन करने से कुछ हासिल नहीं होता। आप जहां से चुने गए हैं, वहां के लिए कोई योजना लेकर आएं।