By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 30, 2026
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने टीम की हालिया फॉर्म को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि युवा टीम को आक्रामक क्रिकेट खेलकर अगले छह महीनों के लिए मजबूत आधार तैयार करना होगा। इस दौरान भारत को एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेना है। भारत ने इस साल 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ गंवाए हैं।
उन्होंने मैच से एक दिन पहले संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह युवा टीम है और इसमें सुधार की काफी गुंजाइश है। हम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रहे हैं। अब हमारा लक्ष्य अगले छह महीनों के लिए सही शुरुआत करना है।’’ मजूमदार के मुताबिक दुबई की गर्म और उमस भरी परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाज अहम भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘टीम के पास अलग-अलग तरह के स्पिनर हैं और अभ्यास के दौरान पिच से भी स्पिनरों को कुछ मदद मिलती दिखी है। ऐसे में टीम को इसका फायदा उठाने की उम्मीद है।’’ भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर सवाल पूछे जाने पर मजूमदार ने कहा कि टीम का ध्यान सिर्फ क्रिकेट पर है। उन्होंने कहा, ‘‘ मैदान के बाहर की चीजों पर खिलाड़ी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उनका पूरा फोकस रविवार के मुकाबले पर है और जब भारत-पाकिस्तान मैच आएगा, तब उसके बारे में बात की जाएगी।’’ दाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण जेमिमा रोड्रिग्स महिला टी20 एशिया कप के साथ-साथ आगामी एशियाई खेलों में भी नहीं खेल पाएंगी। मजूमदार ने कहा, ‘‘जेमिमा टीम की अहम खिलाड़ी हैं और उनकी कमी काफी खलेगी। बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में जेमिमा की चोट से उबरने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है।
उनकी गैरमौजूदगी में हालांकि टीम में शामिल दूसरी खिलाड़ी इस मौके का फायदा उठाकर अच्छा प्रदर्शन करेंगी।