Amrita Singh ने परिवार की खातिर छोड़ दी थी फिल्मी दुनिया, सैफ से शादी कर बॉलीवुड में मचा दिया था तहलका

By Prabhasakshi News Desk | Feb 09, 2025

हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री अमृता सिंह आज अपने जीवन के 67 बरस पूरे कर चुकी हैं। एक जमाने में वह इंडस्ट्री पर राज करती थीं। उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग के दम पर दर्शकों का दिल जीत लिया था। दर्शकों ने अमृता सिंह को बहुत प्यार दिया। अमृता सिंह का पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान से भी बेहद खास रिश्ता है। दरअसल, उनका जन्म 9 फरवरी 1958 को पाकिस्तान में हुआ था। अमृता के पिता का नाम सरदार सविंदर सिंह था और उनकी मां का नाम रुखसाना सुल्ताना था। अमृता एक रॉयल फैमिली से आती हैं। वे देश के मशहूर लेखक खुशवंत सिंह की भतीजी हैं।

फिल्मी सफर की शुरुआत

साल 1985 में आई फिल्म 'बेताब' से अमृता सिंह ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने बॉलीवुड में अपने अभिनय का सिक्का पहली फिल्म से ही जमा लिया था। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद अमृता को एक के बाद एक कई फिल्मों के ऑफर आने लगे। 80 के दशक में अमृता फिल्म निर्माताओं की पसंदीदा हीरोइनों में से एक बन चुकी थीं। इस दशक में कई फिल्मों में अमृता ने अपने अभिनय का दम दिखाया। बॉलीवुड को इन्होंने कई सुपरहिट फिल्में दीं, जिनमें 'मर्द', 'खुदगर्ज' और 'साहेब' जैसी फिल्में शामिल हैं।

फोटोशूट के दौरान हुई थी 'छोटे नवाब' से मुलाकात

उस दौर में जब अमृता सिंह अपने करियर में सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही थीं, तभी उनकी मुलाकात पटौती खानदान के नवाब सैफ अली खान से हुई। उस दौरान सैफ अली खान एक स्ट्रगलिंग एक्टर थे और अमृता उस दौर की फेमस हीरोइन बन चुकी थीं। दोनों की मुलाकात साल 1992 में राहुल रवैल की फिल्म की शूटिंग के दौरान हुई थी। बताया जाता है कि राहुल अमृता के अच्छे दोस्त थे, इसलिए उन्होंने सैफ के साथ उन्हें फोटोशूट कराने के लिए कहा। फोटोशूट के दौरान सैफ ने अमृता के कंधे पर हाथ रखा, तभी अमृता ने सैफ को पहली बार अच्छी तरह से निहारा था। यही वह घड़ी थी, जब सैफ अली खान अभिनेत्री अमृता के दीवाने हो गए और उन पर अपना दिल हार बैठे।

खुद से 12 साल छोटे सैफ से की शादी

जल्द ही सैफ और अमृता की दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने साल 1991 में शादी रचा ली। शादी के समय सैफ महज 21 साल के थे और अमृता 33 साल की थीं। अमृता सिंह के छोटी उम्र वाले लड़के के साथ शादी की खबर ने इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया था। अमृता ने शादी से पहले अपना धर्म भी बदल दिया था और अपने परिवार की तरफ अपनी जिम्मेदारियों को निभाने के लिए उन्होंने 1993 में बॉलीवुड इंडस्ट्री को अलविदा कह दिया। अमृता और सैफ दो बच्चे, सारा अली खान और इब्राहिम के माता-पिता हैं। शादी के 13 साल बाद अमृता और सैफ का तलाक हो गया था।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi पर Devendra Fadnavis का तीखा हमला, लगाया विदेशी साजिश का आरोप

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत