By दिव्यांशी भदौरिया | Jul 29, 2026
सावन का महीना शुरु होते ही कुछ लोग प्याज और लहसुन का त्याग कर देते हैं। ज्यादातर घरों में बिना लहसुन-प्याज के खाना बनाया जाता है। हालांकि इस दौरान काफी समस्या आती है रोज-रोज नया क्या बनाएं। कई बार तो लोग खाने से बोर हो जाते है। ऐसे में लोग होटस का खाना भी मिस करते हैं। अब आप सही मसाले और कुछ खास इंग्रीडिएंट्स का इस्तेमाल करके, घर पर ही आपके एकदम रेस्टोरेंट जैसा खाना बना सकती हैं। इस बार सावन में आप बिना लहसुन-प्याज के ये 3 यूनीक डिशेज बना सकती हैं।
वैसे आप ने कच्चे केले की सब्जी खाई होगी, लेकिन आप ने शायद ही कच्चे केले के कोफ्ते की सब्जी खाई होगी। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि बिना लहसुन-प्याज के इस रिसीपी को कैसे बनाएं। इसे बनाने के लिए आपको चाहिए ये इंग्रीडिएंट्स-
-4 कच्चे केले
-2 उबले आलू
-2 बड़े चम्मच कॉर्नफ्लोर
-2 टमाटर की प्यूरी
-10 से 12 काजू
-2 बड़े चम्मच दही
-1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
-आधा छोटा चम्मच जीरा
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च
-आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
-आधा छोटा चम्मच कसूरी मेथी
-देसी घी या तेल
-स्वादानुसार नमक
-हरा धनिया
कच्चे केले का शाही कोफ्ता बनाने की विधि
सबसे पहले आप कच्चे केले को उबालकर छील लें और आलू के साथ इसे अच्छे से मैश कर लें। इसमें अब आप नमक और कॉर्नफ्लोर मिलाकर छोटे-छोटे कोफ्ते बना लें और इनको हल्का गोल्डन होने तक फ्राई कर लें। अब भीगे हुए काजू को पीस लें। फिर एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें और जीरा डाल दें। इसके बाद इसमें अदरक का पेस्ट, टमाटर प्यूरी और ऊपर बताए गए सभी मसालों को एड कर लें।
अब आप इन्हें धीमी आंच पर भूनें जब तक मसाला तेल न छोड़ दे। अब दही और काजू का पेस्ट मिलाकर कुछ दूर धीमी आंच पर ही पकाएं। इसके बाद जरुरत के हिसाब से पानी डालकर ग्रेवी बना लें। बिल्कुल लास्ट में कसूरी मेथी डालें और सर्व करने से पहले कोफ्ते डाल दें।
मखाना-पनीर मलाई करी
इस डिश को घर में आपने जरुर बनाई होगी। सावन में मखाना पनीर की डिश जरुर बनएं। इसका स्वाद गजब का होता है और यह हेल्दी भी है। इसे बनाने के लिए चाहिए ये चीजें-
-200 ग्राम पनीर
-2 कप मखाने
-2 टमाटर
-15 से 20 काजू
-2 बड़े चम्मच ताजा दही
-1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
-आधा छोटा चम्मच जीरा
-आधा छोटा चम्मच हल्दी
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-आधा छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
-आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
-2 बड़े चम्मच फ्रेश मलाई
-घी
-नमक
-हरा धनिया
मखाना पनीर मलाई करी बनाने का तरीका
इस डिश को बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को थोड़ा घी में भून लें। अब भीगे हुए काजू और टमाटर को पीसकर पेस्ट बना लें। इसके बाद कड़ाही में घी गर्म करें। अब आप जीरा डालें और फिर अधर का पेस्ट डालकार इसको थोड़ा भून लें। इसके बाद टमाटर-काजू का पेस्ट डालें और सभी मसाले डालकर अच्छे तरह से धीमी आंच पर पकने दें।
इसके बाद दही और मलाई मिलाएं। जब मसाला तेल छोड़ दे तो जरुरत के हिसाब से पानी डाल दें। आखिर में अपनी पसंद के शेप में कटे हुए पनीर और मखाने को डाल दें और इसे 5 से 7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। जब करी बन जाए तो ऊपर से हरा धनिया डालकर सर्व करें।
दही वाली भरवां शिमला मिर्च
भरवा शिमला मिर्च की डिश आपने जरुर खाई होगी। लेकिन आप चाहे तो इस बार सावन में दही वाली भरवां शिमला मिर्च डिश जरुर ट्राई करें। आइए आपको बताते हैं इस डिश के लिए क्या सामग्री चाहिए-
-4 बड़ी शिमला मिर्च
-200 ग्राम पनीर
-2 उबले हुए आलू
-3 बड़ा चम्मच गाढ़ा दही (Hung Curd)
-2 बड़ा चम्मच भुना हुआ बेसन
-1 बड़ा चम्मच काजू के टुकड़े
-1 बड़ा चम्मच किशमिश
-1 छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
-आधा छोटा चम्मच जीरा
-1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
-आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
-आधा छोटा चम्मच अमचूर
-घी
-नमक
-हरा धनिया
दही वाली भरवां शिमला मिर्च बनाने की विधि
इसे बनाने के लिए शिमला मिर्च का ऊपर हिस्सा काटकर अंदर के सारे बीज निकाल दें। एक बाउल में पनीर, उबले हुए आलू, भुना बेसन, दही, काजू, किशमिश और सभी मसाले मिलाकर स्टफिंग के लिए तैयार कर लें। इसके बाद स्टफिंग को शिमला मिर्च में भर दें। जिसके बाद एक पैन में थोड़ा घी गर्म करें और धीमी आंच पर ढककर 15 से 20 मिनट तक पका लें। इसको बीच-बीच में पलटते रहें जिससे शिमला मिर्च चारों तरफ से अच्छी तरह पक जाए। इसको आप चाहें तो ओवन में भी बेक कर सकते हैं। तैयार है आपकी दही वाली भरवां शिमला मिर्च।
रेसिपी को और स्वादिष्ट बनाने की टिप्स
- बिना प्याज-लहसुन की कमी पूरी करने के लिए काजू, दही और मलाई का यूज करें।
- सरसों का तेल के बजाय देसी घी में तड़का लगा सकती हैं। इससे स्वाद और खुशबू दोनों ही बढ़ जाएंगे।
- डिश में स्वाद बढ़ाने के लिए कसूरी मेथी और ताजा हरा धनिया लास्ट में डालें। इससे स्वाद बढ़ जाता है।