Haryana Assembly Elections । Anil Vij ने CM पद पर दावा पेश करने की कही बात, अब क्या करेगी BJP?

By एकता | Sep 15, 2024

हरियाणा में पांच अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अंबाला कैंट से भाजपा के विधायक अनिल विज ने अपनी पार्टी की सरदर्दी बढ़ा दी है। दरअसल, रविवार को विज ने दावा किया कि अगर भाजपा हरियाणा में सत्ता में लौटती है तो वह मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करेंगे। विज की इस टिप्पणी से भाजपा की टेंशन बढ़ सकती है क्योंकि पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि अगर वह सत्ता में लौटती है तो नायब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री रहेंगे।

मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करते हुए छह बार के विधायक विज ने कहा, 'मैंने आज तक पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा। हरियाणा के लोग मुझसे मिलने आ रहे हैं। यहां तक ​​कि अंबाला में भी लोग मुझसे कहते हैं कि मैं सबसे वरिष्ठ हूं, लेकिन मैं मुख्यमंत्री नहीं बना। लोगों की मांग और वरिष्ठता के आधार पर इस बार मैं मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश करूंगा।'

इसे भी पढ़ें: Delhi Politics । इस्तीफा देने का ऐलान कर बुरे फंसे Kejriwal, कांग्रेस-बीजेपी ने लगा दी क्लास, AAP ने किया बचाव

अंबाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान की गई टिप्पणी पर स्पष्टीकरण मांगे जाने पर बाद में विज नेफोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, 'मैं पार्टी का सबसे वरिष्ठ विधायक हूं और छह चुनाव जीत चुका हूं तथा सातवां चुनाव लड़ रहा हूं। मैंने अब तक अपनी पार्टी से कभी कुछ नहीं मांगा है।' विज ने कहा, 'लेकिन पूरे हरियाणा और मेरे अपने निर्वाचन क्षेत्र के लोग मुझसे मिल रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री पद के लिए दावा पेश करूंगा।' उन्होंने कहा, 'इस पर फैसला पार्टी आलाकमान को लेना है।'

इसे भी पढ़ें: अग्निपरीक्षा देना चाहते हैं Arvind Kejriwal, दो दिन बाद Delhi CM पद से इस्तीफा देने की घोषणा की, जनता पर छोड़ा फैसला

जब उनसे कहा गया कि सैनी को पहले ही मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया जा चुका है तो विज ने कहा, 'दावा करने पर कोई रोक नहीं है। मैं अपना दावा करूंगा, पार्टी को जो फैसला लेना होगा, वह लेगी।' चुनाव में अब कुछ ही सप्ताह शेष रह गए हैं, ऐसे में उनके निर्णय के समय के बारे में पूछे जाने पर विज ने कहा कि लोगों के उनसे मिलने आने के बाद उन्होंने यह निर्णय लिया। गौरतलब है कि मार्च में मनोहर लाल खट्टर की जगह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया गया था। हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिए पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी।

प्रमुख खबरें

Bhai Dooj Gift: 2 Gram Gold Earrings के ये 5 डिजाइंस बहन को देने के लिए हैं बेस्ट

Telangana में धूमधाम से मनी Diwali, राज्यपाल ने Bhagyalakshmi Temple में की पूजा

Riyadh में मिसाइल हमलों को Saudi Air Defence ने किया ध्वस्त, Aramco भवन को मामूली नुकसान

Iranian Navy कमांडर Mohsen Razaqi ने US को दी चेतावनी, कहा सेना पूरी तरह तैयार