By एकता | Oct 19, 2026
‘लॉकअप’ फेम अंजलि अरोड़ा अक्सर किसी न किसी वजह से चर्चा में रहती हैं। उन्हें ‘कच्चा बादाम’ गाने पर किए गए डांस से भी काफी पहचान मिली थी। कुछ दिनों पहले अंजलि कानपुर में हुए एक कार्यक्रम को लेकर चर्चा में आ गई थीं। वह कार्यक्रम में पहुंची थीं, लेकिन कुछ ही मिनट बाद वहां से चली गईं।
इसके बाद कार्यक्रम की आयोजक टीम ने भी एक वीडियो जारी किया था। टीम ने दावा किया था कि अंजलि के कार्यक्रम बीच में छोड़ने की वजह से उन्हें करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है और वे इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगे।
अब अंजलि अरोड़ा ने इस पूरे मामले पर एक वीडियो जारी कर अपनी बात रखी है। उन्होंने साफ किया कि उनका कानपुर के लोगों का अपमान करने का कोई इरादा नहीं था। अंजलि ने यह भी कहा कि उन्हें ‘कच्चा बादाम’ गाने से कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि इसी गाने से उन्हें पहचान मिली और लोगों का प्यार मिला।
अंजलि ने कहा, "मैं कई दिनों से इस मामले पर अपनी बात रखना चाहती थी। लेकिन मेरे लगातार कार्यक्रम चल रहे थे और सभी कार्यक्रम अच्छे गए। लेकिन मेरा पक्ष जानना भी आपका अधिकार है। जो लोग भी मुझसे वहां मिलने आए थे, आप लोगों का प्यार कॉन्ट्रैक्ट और पैसे से बहुत बड़ा है। लेकिन मेरी भी गरिमा है और आत्मसम्मान है। मेरी सुरक्षा उतनी ही जरूरी है, जितनी किसी दूसरी लड़की की है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं कानपुर में अपने फैंस से मिलने गई थी, विवाद का हिस्सा बनने नहीं। जब मैं कानपुर एयरपोर्ट पर पहुंची तो जो गाड़ी मेरे लिए भेजी गई, उसमें पहले से ही तीन आदमी बैठे थे। जब मैं होटल पहुंची तो लॉबी में पहले ही लोग मौजूद थे।"
अंजलि ने दावा किया कि करीब 25-30 लोग उन्हें उनके कमरे तक छोड़ने आए थे। उन्होंने बताया कि खाना मंगाने के दौरान भी कुछ लोग उनके कमरे में आ गए। अंजलि ने कहा, "जब मैंने खाना ऑर्डर किया तो वेटर के साथ 3 लोग जबरन मेरे कमरे में घुस आए। हर 10 मिनट में मेरे कमरे की बेल बज रही थी। मैंने शो में कहा था कि अगर कानपुर में ऐसा ही बर्ताव होगा तो कोई कलाकार यहां नहीं आएगा।"
उन्होंने आगे सफाई देते हुए कहा, "आज मैं इस बात को बिल्कुल साफ करना चाहती हूं। मैंने ये बात कानपुर की जनता के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए बोली थी जो मेरे साथ आपत्तिजनक बर्ताव कर रहे थे।"
अंजलि ने कहा कि उन्होंने कानपुर या वहां के लोगों का विरोध नहीं किया था, बल्कि अपने साथ हुए व्यवहार पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा, "अगर मेरी किसी भी बात से कानपुर के लोगों को ठेस पहुंची है तो मैं दिल से अफसोस करती हूं। मैं भी किसी की बेटी हूं, मेरा परिवार है और मुझे भी डर लगता है। मैं वहां स्टेज पर परफॉर्म करने गई थी, लेकिन वहां मेरे साथ जो कुछ भी हुआ। किसी भी कार्यक्रम में कलाकारों की सुरक्षा और दर्शकों की सुरक्षा बहुत जरूरी होती है।"
‘कच्चा बादाम’ गाने को लेकर अंजलि ने कहा कि यह गाना उनकी पहचान का हिस्सा है और उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा, "वो गाना मेरी पहचान से जुड़ा है और इसी के जरिए लोगों ने मुझे प्यार दिया है। मैं उस प्यार का अपमान क्यों करूंगी?"