Prabhasakshi NewsRoom: “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" गीत गाने वाले Ankit Baliyan की हत्या मामले में हुए बड़े खुलासे ने चौंकाया

By नीरज कुमार दुबे | Aug 27, 2026

जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो तक पहुंचने की कोशिश कर रहे 32 वर्षीय हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान को शायद अंदाजा भी नहीं था कि बाहर मौत उनका इंतजार कर रही है। बुधवार शाम करीब सात बजे शामली के सिटी कोतवाली क्षेत्र स्थित आर्यपुरी नाला पटरी पर गोलियों की ऐसी बौछार हुई कि कुछ ही पलों में एक चर्चित युवा कलाकार सड़क किनारे लहूलुहान पड़ा था। हमलावरों ने कथित तौर पर करीब 18 राउंड फायरिंग की और बेहद करीब से अंकित को निशाना बनाया।

इसे भी पढ़ें: Bhavika Sharma और Ankit Gupta के बीच आई दूरी, आखिर ऐसा क्या हुआ कि कर दिया अनफॉलो!

वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि अंकित की हत्या उनके एक गीत को लेकर की गई। पोस्ट में कथित तौर पर लिखा गया कि अंकित “दुश्मनों से मिला था” और उसने गोगी गैंग के सरगना गोगी भाई के साथ हुई घटना पर गीत बनाया था। पोस्ट में धमकी भरे अंदाज में कहा गया— “ये अभी शुरुआत है, सबका नंबर आएगा।” दावा किया जा रहा है कि हरियाणा के सोनीपत से जुड़े गोगी गैंग ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। लेकिन जांच एजेंसियों के लिए असली चुनौती यह पता लगाना है कि यह पोस्ट वास्तविक है, फर्जी है या हत्या के बाद जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने की कोशिश है।

उधर, वारदात का तरीका बेहद योजनाबद्ध बताया जा रहा है। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चार हमलावर अंकित के जिम से बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जिम के सामने स्थित नाला पटरी मार्ग संकरा होने के कारण बदमाश अपनी दोनों मोटरसाइकिलें एमएसके रोड पर वर्मा मार्केट के पास खड़ी कर आए थे। जैसे ही अंकित जिम से निकलकर अपनी स्कॉर्पियो की ओर बढ़े, हमलावरों ने उन्हें घेर लिया। बताया जाता है कि ड्राइवर साइड की ओर दीवार होने के कारण अंकित ने स्कॉर्पियो की सह-चालक सीट की तरफ से बचने की कोशिश की। लेकिन हमलावरों ने वाहन का दरवाजा खोल दिया और बेहद करीब से गोलियां बरसा दीं। अंकित के सिर और पेट में पांच गोलियां लगीं, जबकि उनकी स्कॉर्पियो के अगले शीशे में भी तीन गोलियां लगीं। गोलियों की गूंज थमने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

मामले को और भयावह बनाने वाली बात यह सामने आई कि बदमाश कथित तौर पर हत्या को अंजाम देने के बाद सड़क पर पड़े अंकित के शव का वीडियो भी बनाकर ले गए। यह तथ्य इस आशंका को और मजबूत करता है कि हमला केवल हत्या तक सीमित नहीं था, बल्कि उसके जरिए भय पैदा करने या किसी संदेश को प्रसारित करने की मंशा भी हो सकती है।

गंभीर रूप से घायल अंकित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को जांच के दायरे में लिया गया। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शामली पहुंचे। पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह के अनुसार, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं तथा जिम और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

इस बीच, जांच का दायरा और बड़ा हो गया है। पुलिस को शक है कि हत्याकांड के तार हरियाणा के कुख्यात शार्प शूटर नेटवर्क और काला राणा से जुड़े गिरोह तक पहुंच सकते हैं। काला राणा का नाम पहले भी आपराधिक गतिविधियों और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े नेटवर्क के संदर्भ में सामने आता रहा है। जांच एजेंसियां इस कोण से भी पड़ताल कर रही हैं कि कहीं वारदात में पंजाब और हरियाणा के अपराधियों के किसी संयुक्त या कथित “मिक्स गैंग” के शूटर तो शामिल नहीं थे। हालांकि इन सभी संभावित कड़ियों की अभी पुलिस जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

उधर, हत्या के बाद शामली में आक्रोश भड़क उठा। अंकित के परिजन, समर्थक और ग्रामीण सड़क पर उतर आए और दिल्ली-मुजफ्फरनगर रोड जाम कर दिया। लेकिन इस विरोध के बीच सबसे दर्दनाक दृश्य तब सामने आया, जब अंकित का शव सड़क पर लाया गया। उनकी मां बेटे का सिर अपनी गोद में रखकर लोगों से कहती रहीं, “मत बोलो, मेरा बेटा सो रहा है।” एक मां का यह विलाप पूरे घटनास्थल को गम और गुस्से में डुबो गया।

हम आपको बता दें कि शामली के बंटीखेड़ा गांव निवासी अंकित बालियान के यूट्यूब पर 3.66 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे। वे हरियाणवी गीतों और मंचीय प्रस्तुतियों के लिए चर्चित थे। उनके कई वीडियो में एसयूवी और हथियारों की झलक दिखाई देती थी। उनका चर्चित गीत “भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान” भी खासा लोकप्रिय रहा। वर्ष 2023 में शामली के एक रोड शो को लेकर उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज हुई थी। हाल के दिनों में उनके जिला पंचायत की राजनीति में उतरने की चर्चाएं भी थीं, हालांकि पुलिस ने हत्या के साथ किसी राजनीतिक कड़ी की पुष्टि नहीं की है।

इस बीच, इस हत्याकांड को लेकर राजनीति भी शुरू हो गयी है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हत्या को लेकर उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता की आशंका की भी जांच कराने की मांग की। वहीं भाजपा ने कहा है कि अंकित के परिवार को हर हाल में न्याय मिलेगा।

उधर, फिलहाल, अंकित बालियान हत्याकांड कई परतों में उलझा हुआ है। 18 राउंड फायरिंग, चार कथित हमलावर, सुनियोजित तरीके से खड़ी की गई बाइकें, शव का वीडियो बनाने की बात, सोशल मीडिया पर गैंग की जिम्मेदारी का दावा और पंजाब-हरियाणा के आपराधिक नेटवर्क तक पहुंचती जांच। सवाल यह है कि क्या एक गीत किसी गैंग के लिए हत्या की वजह बन गया, या फिर इस खूनी वारदात के पीछे कोई ऐसी बड़ी साजिश है, जिसकी परतें अभी खुलना बाकी हैं? पुलिस के लिए अब यह सिर्फ एक हत्या की गुत्थी नहीं, बल्कि कई राज्यों में फैले संभावित अपराध नेटवर्क तक पहुंचने की चुनौती बन चुकी है।

प्रमुख खबरें

Bihar-UP को बड़ी राहत, Gandak का जलस्तर घटा, बाढ़ का तत्काल खतरा टला

Nepal Floods में फंसे केरल के 53 लोग, NORKA Roots ने भारतीय दूतावास से संपर्क साधा

Tamil Nadu Minister Wilson ने खोली रिश्वत की परतें, सरकार पर उठ रहे सवाल

क्या वह मेरे बेडरूम में चमगादड़ की तरह लटके थे? Baba Ramdev की जवानी वाली टिप्पणी पर Kangana Ranaut का पलटवार