By अभिनय आकाश | Oct 24, 2026
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस शनिवार को मिस्र पहुंचे। उन्होंने संघर्षों के विस्तार को रोकने, नागरिकों की सुरक्षा करने और कूटनीति के लिए अधिक जगह बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युद्ध वैश्विक असमानताओं को गहरा कर रहे हैं और आर्थिक दबाव बढ़ा रहे हैं। एक्स पर एक पोस्ट में गुटेरेस ने कहा कि मैं अभी मिस्र पहुंचा हूं। बढ़ते संघर्षों के बीच, मैं अपने साथ एक संदेश लाया हूं। हमें युद्ध के विस्तार को रोकना होगा, नागरिकों की सुरक्षा करनी होगी और कूटनीति तथा शांति के लिए राजनीतिक गुंजाइश बनानी होगी। उन्होंने कहा कि हमें उन असमानताओं से निपटना होगा जो समाजों को बांटती हैं और उन संघर्षों को रोकना होगा जो मानवीय पीड़ा को बढ़ा रहे हैं और पहले से ही असमान इस दुनिया को और अधिक दूर कर रहे हैं। गुटेरेस की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब पश्चिम एशिया, यूक्रेन और सूडान में संघर्ष जारी हैं। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चेतावनी दी है कि युद्धों के परिणाम युद्ध क्षेत्रों से बाहर निकलकर ऊर्जा बाजारों, शिपिंग मार्गों, आपूर्ति श्रृंखलाओं और वित्तीय प्रणालियों तक फैल रहे हैं। 22 अक्टूबर को मीडिया से बातचीत के दौरान, गुटेरेस ने वैश्विक संघर्षों के आपस में जुड़े प्रभावों को युद्ध का अल नीनो करार दिया। उन्होंने कहा कि एक संघर्ष दूसरे संघर्ष को जन्म दे रहा है और इसके परिणाम कहीं अधिक दूर तक और तेजी से फैल रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर किए जाने वाले तथाकथित "हमले" अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत प्रतिबंधित हैं, और कहा कि इन्हें रुकना ही चाहिए।