Anupriya Patel ने अरुणाचल के Siang में परखीं सरकारी योजनाएं, नल जल आपूर्ति का लिया जायजा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 13, 2026

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बृहस्पतिवार को अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले के दो गांवों में कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति का जायजा लिया। उन्होंने सरकारी कार्यक्रमों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि प्रत्येक पात्र परिवार को इनका लाभ मिले। अधिकारी की एक रिपोर्ट के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्य मंत्री पटेल ने जिले के अपने दो-दिवसीय आधिकारिक दौरे के दूसरे दिन रेंगो और लिलेंग गांवों का दौरा किया।

रेंगो गांव में उन्होंने एक आंगनवाड़ी केंद्र का दौरा किया और पोषण, स्वास्थ्य देखभाल तथा प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल सेवाओं की आपूर्ति का जायजा लेने के लिए वहां के कार्यकर्ताओं, लाभार्थियों, बच्चों और स्थानीय लोगों से बातचीत की। मंत्री ने जमीनी स्तर पर कल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। पटेल ने एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत आंगनवाड़ी केंद्र में पौधारोपण कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा सामुदायिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया।

बाद में उन्होंने रेंगो में जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत पेयजल आपूर्ति परियोजना का निरीक्षण किया। इस परियोजना का क्रियान्वयन पांगिन के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं जल आपूर्ति विभाग ने किया है। ‘हर घर जल’ पहल के तहत इस परियोजना में मोयी जलधारा से पानी लिया जाता है।

इसके तहत प्रत्येक की भंडारण क्षमता 20,000 लीटर निर्धारित की गई है, जिससे 45 घरों में नल कनेक्शन (एफएचटीसी) उपलब्ध कराने का प्रावधान है। लिलेंग गांव में पटेल ने घरों में नल कनेक्शन की कार्यक्षमता का जायजा लेने और पेयजल आपूर्ति की उपलब्धता, पहुंच तथा नियमितता पर प्रतिक्रिया जानने के लिए ग्रामीणों से बातचीत की। इस बातचीत से रिकॉर्ड में दर्ज आंकड़ों के बजाय घरों में नल लगाये जाने की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में मदद मिली।

सियांग जिले में सभी घरों में नल कनेक्शन चालू होने की सूचना दी गई है। केंद्रीय मंत्री ने जमीनी स्तर पर सार्वजनिक सेवाओं की आपूर्ति को मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के प्रयासों की सराहना की। पटेल ने बृहस्पतिवार को जिला मुख्यालय बोलेंग में विभिन्न विभागों की केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक के दौरान उन्होंने योजनाओं की उपलब्धियों, क्रियान्वयन में कमियों और जमीनी स्तर पर अधिकारियों को आ रही चुनौतियों की समीक्षा की। अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को इनके दायरे में लाने पर जोर देते हुए उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी कल्याणकारी कार्यक्रमों के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में सियांग को एक आदर्श जिला बनाने के लिए जिला प्रशासन और विभागीय अधिकारियों से समन्वित प्रयास करने तथा नए सिरे से प्रतिबद्धता दिखाने का भी आह्वान किया।

रिपोर्ट के अनुसार, पटेल के साथ सियांग के उपायुक्त ताई तग्गू, पुलिस अधीक्षक कामदाम सिकॉम और संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।

प्रमुख खबरें

PM Narendra Modi ने Mysuru में किया पहले LED डोम तारामंडल का उद्घाटन

Beauty Tips: मिठाई खाने से मुंहासे होते हैं? दिवाली के बाद स्किन ब्रेकआउट का सच

Health Tips: दिवाली के बाद मिठाई की तलब क्यों नहीं जाती? शुगर क्रेविंग घटाने के 5 तरीके

Chhath Puja पर बोले Rajnath Singh: राष्ट्र निर्माण के लिए आर्थिक प्रगति के साथ मूल्य भी जरूरी