By एकता | Oct 15, 2026
कार्तिक आर्यन एक बार फिर प्यार और दर्द से भरी कहानी लेकर बड़े पर्दे पर आने वाले हैं। इस बार वह पहली बार श्रीलीला के साथ जोड़ी बनाते नजर आएंगे। लंबे समय से चर्चा में चल रही इस फिल्म की रिलीज डेट आखिरकार सामने आ गई है। हालांकि, फिल्म के नाम को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।
इस फिल्म का निर्देशन अनुराग बासु कर रहे हैं, जबकि भूषण कुमार इसके निर्माता हैं। कार्तिक आर्यन और श्रीलीला पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं। पिछले साल फिल्म से कार्तिक आर्यन का एक छोटा वीडियो सामने आया था, जिसमें उनका लुक देखने को मिला था। इसके बाद 2025 में कार्तिक और श्रीलीला का पहला लुक भी जारी किया गया था। दोनों के लुक को दर्शकों की तरफ से काफी पसंद किया गया था।
कार्तिक आर्यन की इस रोमांटिक फिल्म से पहले उनकी एक और फिल्म ‘नागजिला’ रिलीज होगी। यह फिल्म पहले इसी साल अगस्त में सिनेमाघरों में आने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज टाल दी गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब ‘नागजिला’ 12 फरवरी 2027 को रिलीज हो सकती है। यानी कार्तिक आर्यन की दो बहुप्रतीक्षित फिल्में करीब दो महीने के अंदर बड़े पर्दे पर देखने को मिल सकती हैं।