By एकता | Aug 24, 2026
बॉलीवुड एक्टर आदित्य सील और अनुष्का रंजन के घर खुशियों ने दस्तक दी है। दोनों अब माता-पिता बन गए हैं। कपल ने जुड़वां बेटियों का स्वागत किया है और सोशल मीडिया पर यह खुशखबरी अपने फैंस के साथ शेयर की है।
आदित्य ने अपनी बेटियों के जन्म की जानकारी देते हुए लिखा कि उनकी दोनों बेटियां उनकी जिंदगी को रोशन करने के लिए आ गई हैं। उन्होंने इस खास पल पर अपनी खुशी और आभार भी जाहिर किया।
आदित्य ने अपनी पोस्ट के साथ #TeamGirl भी लिखा। बेटियों के जन्म की खबर सामने आने के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कपल को बधाइयां देना शुरू कर दिया।
आदित्य और अनुष्का ने कुछ महीने पहले ही बताया था कि वे अपने पहले बच्चों का स्वागत करने वाले हैं। प्रेग्नेंसी की घोषणा के दौरान दोनों ने कई खूबसूरत मैटरनिटी फोटो भी शेयर की थीं। अब दोनों के घर एक साथ दो नन्ही बेटियों के आने से उनकी खुशी दोगुनी हो गई है।
अनुष्का रंजन पहले IVF के अपने अनुभव के बारे में भी खुलकर बात कर चुकी हैं। कपल के YouTube चैनल पर उन्होंने IVF प्रक्रिया के दौरान होने वाली शारीरिक परेशानियों के बारे में बताया था।
अनुष्का ने इस दौरान आदित्य के सपोर्ट की भी तारीफ की थी। उन्होंने बताया था कि इस मुश्किल समय में आदित्य उनके साथ खड़े रहे और इलाज के दौरान उनका पूरा साथ दिया।
आदित्य सील और अनुष्का रंजन की पहली मुलाकात 26 जून 2017 को हुई थी। दोनों की मुलाकात अनुष्का के NGO Beti की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में हुई थी। पहली मुलाकात के बाद दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्यार में बदल गया। कई साल तक डेट करने के बाद दोनों ने नवंबर 2021 में मुंबई में शादी की थी। अब शादी के करीब पांच साल बाद आदित्य और अनुष्का अपने जीवन के नए दौर में कदम रख चुके हैं।