Archery World Cup: तुर्किये में साहिल और ज्योति का कमाल, क्वालिफिकेशन के Top 10 में बनाई जगह

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 10, 2026

मौजूदा सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रहे युवा भारतीय तीरंदाज साहिल जाधव ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रभावशाली खेल जारी रखते हुए मंगलवार को यहां तीरंदाजी विश्व कप के चरण-तीन की कंपाउंड स्पर्धा के क्वालिफिकेशन दौर में 10वां स्थान हासिल किया जबकि अनुभवी तीरंदाज ज्योति सुरेखा वेन्नम महिलाओं की कंपाउंड स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहीं। पिछले महीने शंघाई में अपना पहला विश्व कप पदक जीतने वाले साहिल ने पुरुष कंपाउंड क्वालिफिकेशन में 710 अंक जुटाए।

भारतीय पुरुष टीम को तीसरी वरीयता मिली है और वह अपने अभियान की शुरुआत सिंगापुर के खिलाफ मुकाबले से करेगी। महिला कंपाउंड स्पर्धा में ज्योति सुरेखा वेन्नम 700 अंकों के साथ भारत की सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली तीरंदाज रहीं और सातवें स्थान पर रही। चिकिता तनिपार्थी 10वें स्थान पर रहीं, जबकि परनीत कौर 693 अंकों के साथ 18वें स्थान पर रहीं, क्रमशः दूसरी और तीसरी सर्वश्रेष्ठ भारतीय तीरंदाज बनीं। एशियाई खेलों के लिए चयनित 17 वर्षीय पृथिका प्रदीप 690 अंकों के साथ भारतीय खिलाड़ियों में सबसे पीछे 22वें स्थान पर रहीं। इसके बावजूद वह टीम स्पर्धा में हिस्सा लेंगी, क्योंकि वह आइची-नागोया एशियाई खेलों के लिए चुनी गई भारतीय टीम का हिस्सा हैं, जिसमें परनीत को जगह नहीं मिली है।

एशियाई खेलों की तैयारी को ध्यान में रखते हुए भारतीय टीम प्रबंधन ने रणनीतिक निर्णय लिया है कि विश्व कप सत्र के दौरान टीम स्पर्धाओं में उन्हीं तीन तीरंदाजों को उतारा जाएगा, जिन्हें पिछले महीने हुए चयन ट्रायल्स में एशियाई खेलों के लिए चुना गया था, चाहे उनके क्वालिफिकेशन स्कोर कुछ भी हों। भारतीय महिला टीम को मेक्सिको के बाद दूसरी वरीयता मिली है और उसने सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया है, जहां उसका सामना इटली और अमेरिका के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता टीम से होगा। कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में भी भारत को पांचवीं वरीयता मिली है। इस वर्ग में साहिल जाधव और ज्योति सुरेखा वेन्नम की जोड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। दोनों खिलाड़ियों को पहले दौर में बाई मिली है और वे सीधे प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।

प्रमुख खबरें

जांघ की चोट के कारण Pakistan सीरीज से बाहर हुए Jos Buttler, England को झटका

Delhi Pollution: 1 नवंबर से गैर-BS6 बाहरी वाहनों की एंट्री बैन, पार्किंग शुल्क होगा दोगुना

Miami Dolphins को हराने के बाद Patrick Mahomes ने Kansas City Chiefs के सुधार पर दिया जोर

MBBS दाखिले में SC Reservation: Allahabad HC ने UP सरकार से मांगा स्पष्टीकरण