द्विपक्षीय रक्षा संबंध मजबूत करने Czech Republic जाएंगे Army Chief General Dheeraj Seth

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 15, 2026

थलसेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रक्षा संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से 16 से 19 नवंबर तक चेक गणराज्य की आधिकारिक यात्रा करेंगे और वहां के सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को मजबूत करना, दोनों देशों की सेनाओं के बीच संपर्क बढ़ाना और रक्षा प्रौद्योगिकी एवं उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशना है। अधिकारियों ने बताया कि यह यात्रा नियमित सैन्य संवाद, पेशेवर आदान-प्रदान और औद्योगिक साझेदारी के जरिए द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूत करने की भारत और चेक गणराज्य की ‘‘साझा प्रतिबद्धता’’ को दर्शाती है।

मंत्रालय ने बताया कि 16 से 19 नवंबर की यात्रा के दौरान भारतीय थलसेना प्रमुख प्राग स्थित जनरल स्टाफ मुख्यालय (जीएसएचक्यू) में जनरल स्टाफ के प्रथम उप प्रमुख एवं उप रक्षा प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल पेट्र सेपेल्का समेत चेक गणराज्य के सशस्त्र बलों के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। जनरल सेठ शहीद सैनिकों को जनरल स्टाफ मुख्यालय में आयोजित समारोह में श्रद्धांजलि देंगे। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘वह रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।

इन बैठकों में सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण, आधुनिकीकरण और उभरती सुरक्षा चुनौतियों सहित आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा होगी।’’ मंत्रालय ने बताया कि सेना प्रमुख ब्रनो स्थित रक्षा विश्वविद्यालय और उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के संयुक्त रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु रक्षा उत्कृष्टता केंद्र का भी दौरा करेंगे। इस दौरान वह चेक गणराज्य के सशस्त्र बलों के विशेष प्रशिक्षण, अभियान संबंधी क्षमताओं और भविष्य की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। सेना प्रमुख रक्षा प्रौद्योगिकी और उद्योग के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने के लिए अंतर-सरकारी रक्षा सहयोग एजेंसी (एएमओएस), रक्षा उद्योग संघ और प्रमुख रक्षा उपकरण निर्माताओं के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे।

प्रमुख खबरें

Mumbai में फिर महंगी हुई सीएनजी, आधी रात से इतने बढ़ गए दाम, ऑटो यूनियन ने भी कर दिया बड़ा ऐलान

Miami Airport पर आपस में टकराए दो विमान, अंदर मच गई चीख-पुकार, दो यात्री घायल

SEBI पूंजी बाजार में AI के जिम्मेदार उपयोग के लिए जल्द लाएगा विस्तृत गाइडलाइंस

YRF की पहली Horror फिल्म में लीड रोल करेंगे Varun Dhawan, सामने आई रिलीज डेट