By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 09, 2026
हैमिल्टन, नौ नवंबर तेज गेंदबाज आकिब नबी, गुरनूर बरार और अर्शदीप सिंह न्यूजीलैंड के खिलाफ 19 नवंबर से शुरू होने वाली महत्वपूर्ण विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) शृंखला की तैयारी में भारतीय टेस्ट टीम की मदद के लिए न्यूजीलैंड में रुकेंगे। टीम के सहायक कोच सितांशु कोटक ने सोमवार को यह जानकारी दी। ये तीनों तेज गेंदबाज फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच एकदिवसीय मैच की शृंखला के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
इस शृंखला का तीसरा मुकाबला मंगलवार को यहां खेला जाएगा। कोटक ने सोमवार को मैच से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे लगता है कि तीन गेंदबाज यहां रुकने वाले हैं। गुरनूर, संभवत: नबी और मेरे ख्याल से अर्शदीप भी यहीं रुकेंगे।‘‘ सौराष्ट्र के पूर्व बल्लेबाज ने बताया कि टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ी 11 नवंबर से अपनी तैयारियां शुरू करेंगे।
कप्तान शुभमन गिल, अनुभवी सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल, बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज मंगलवार को तीसरे एकदिवसीय के बाद वेलिंगटन रवाना होंगे। उन्होंने कहा, ‘‘कुल मिलाकर हमारी तैयारी काफी अच्छी रही है। इसके अलावा टेस्ट खिलाड़ी 11 नवंबर से शिविर में हिस्सा लेंगे जहां हमें पांच या छह अभ्यास सत्र मिलेंगे।
उम्मीद है कि हम टेस्ट शृंखला के लिए भी पूरी तरह तैयार होंगे।’’ भारतीय टीम का कोचिंग स्टाफ भी दो हिस्सों में बंटेगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर 13 और 15 नवंबर को टाउरंगा के माउंट मोनगानुई में होने वाले चौथे और पांचवें एकदिवसीय के लिए टीम के साथ रुकेंगे। कोटक ने कहा, ‘‘जहां तक मेरी जानकारी है, गौतम को आगामी विश्व कप के कारण यहां रुकना होगा।
इसलिए वह यहीं रहेंगे। संभवत: साईराज बहुतुले भी यहां रुकेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘मोर्ने मोर्कल और सहयोगी स्टाफ के कुछ अन्य सदस्य वेलिंगटन जाएंगे। फिलहाल यही योजना है लेकिन जैसा कि मैंने कहा, अंतिम फैसला गौतम को ही लेना है।
इसलिए इसमें बदलाव भी हो सकता है।’’ कोटक ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची की इस बात से सहमति जताई कि ऑकलैंड के ईडन पार्क और वेलिंगटन के एचएनआरवाई स्टेडियम की चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलने से बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को टेस्ट मुकाबलों की बेहतर तैयारी करने में मदद मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘पीछे मुड़कर देखें तो यह अच्छी बात है क्योंकि टेस्ट मुकाबलों में भी इसी तरह की परिस्थितियां मिल सकती हैं। फर्क सिर्फ इतना होगा कि गेंद लाल होगी।
एकदिवसीय क्रिकेट में खेलने का इरादा और मानसिकता अलग होगी लेकिन इन परिस्थितियों से हमें अंदाजा मिल जाता है कि टेस्ट शृंखला में क्या उम्मीद की जा सकती है।’’ उन्होंने यह भी संकेत दिया कि बेसिन रिजर्व की पिच पर करीब 12 से 14 मिलीमीटर घास छोड़े जाने की उम्मीद है जो इस क्षेत्र में सामान्य बात है। कोटक ने कहा, ‘‘यहां की पिचों पर करीब 12 से 14 मिलीमीटर घास होती है और परिस्थितियों से हमें अंदाजा मिलता है कि टेस्ट क्रिकेट में कैसी चुनौती मिल सकती है। टेस्ट मैच की पिचों पर भले ही इससे अधिक घास हो लेकिन ये खेलने के लिए अच्छी और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां हैं।’’ कोटक का यह भी मानना है कि भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच तीन अनौपचारिक टेस्ट मैच की शृंखला से टेस्ट विशेषज्ञ खिलाड़ियों को यहां की पिचों को समझने और पांच दिवसीय मुकाबलों में मिलने वाली परिस्थितियों का अंदाजा लगाने में मदद मिली है।
यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, आकाश दीप, जसप्रीत बुमराह और प्रसिद्ध कृष्णा उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने भारत ए की शृंखला में हिस्सा लिया। कोटक ने कहा, ‘‘भारत ए के कई मुकाबलों में हमारे लाल गेंद के क्रिकेट के खिलाड़ी भी शामिल रहे हैं। इससे बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों को काफी फायदा हुआ है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘गेंदबाजों को इससे अंदाजा मिलता है कि कहां गेंदबाजी करनी है, किस लेंथ को निशाना बनाना है, पिच पर गेंद को कितनी तेजी से टप्पा खिलाना है और सतह से कितनी मदद मिलने की उम्मीद की जा सकती है।’’