अर्शदीप सिंह ने किया खुलासा,परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर मुख्य ध्यान

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 29, 2022

तिरुवनंतपुरम। भारत के युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह ने कहा कि अगले महीने ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले टीम का मुख्य ध्यान परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने पर है। टी20 विश्व कप 16 अक्टूबर से 13 नवंबर के बीच ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा और अर्शदीप ने कहा भारतीय गेंदबाज वहां की कड़ी चुनौती से निपटने के लिए तैयार हैं। एशिया कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में शानदार वापसी करने वाले इस 22 वर्षीय तेज गेंदबाज ने कहा,‘‘ हमारी टीम का मुख्य लक्ष्य परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाना और किसी भी तरह की परिस्थितियां हों उनके अनुकूल प्रदर्शन करने पर है।’’

इसे भी पढ़ें: स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह फिर हुए चोटिल, टी-20 वर्ल्डकप से पहले बढ़ गई टीम इंडिया की टेंशन!

उन्हें एशिया कप के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में अनुकूलन शिविर में भेज दिया गया था जिस कारण वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। अर्शदीप ने कहा, ‘‘पिछले 10 दिनों का उद्देश्य तरोताजा होना और मजबूत वापसी करना था और इससे मुझे अपनी गेंदबाजी में मदद मिली। मैं वास्तव में तरोताजा महसूस कर रहा हूं और मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करने के लिए तैयार हूं।’’ जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार की अनुपस्थिति में अर्शदीप ने नई गेंद संभाली और पांच गेंद के अंदर दक्षिण अफ्रीका के तीन विकेट लेकर उसके शीर्ष क्रम को झकझोर दिया था।

इस साल जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पदार्पण करने वाले अर्शदीप ने कहा कि वह चयन की परवाह किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा,‘‘ आईपीएल के आखिरी दिनों में मुझे बताया गया था कि मैं उनकी रणनीति का हिस्सा हूं। मेरा मुख्य उद्देश्य जब भी मौका मिले तब अच्छा प्रदर्शन करना है। यह मेरा काम है और मैं चयन को लेकर बहुत अधिक नहीं सोचता हूं।’’ अर्शदीप एशिया कप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन यहां उन्होंने दूसरे ओवर में क्विंटन डिकॉक, रिली रोसो और डेविड मिलर को आउट करके अपने आलोचकों के मुंह बंद कर दिए। उन्होंने कहा,‘‘ शुरू में विकेट हासिल करके हमेशा अच्छा लगता है। हमारी रणनीति सरल थी और गेंद स्विंग कर रही थी। मैंने सही क्षेत्रों में गेंद कराई और इससे मुझे फायदा मिला।

प्रमुख खबरें

TCS के नतीजों से IT शेयरों में उछाल, निवेशकों की संपत्ति 65648 करोड़ रुपये बढ़ी

Navi Pillay को Nobel Peace Prize मिलने पर भारतीय कार्यकर्ताओं ने दी बधाई

Chirag Paswan ने साझा किया संघर्ष, पिता की पार्टी से बेदखल होने पर तरस खाने के बजाय चुनी लड़ाई

TVS Group में संपत्ति बंटवारे पर तकरार, TVS Holdings के स्वामित्व पर विवाद गहराया