By अभिनय आकाश | May 10, 2024
लोकसभा चुनाव के बीच आज का दिन आम आदमी पार्टी के लिए खुशियां लेकर आया। अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्हें एक जून तक के लिए अंतरिम जमानत दे दी है। केजरीवाल को 2 जून को सरेंडर करना होगा।सुप्रीम कोर्ट ने जो परंपरा है उससे हटकर एक खास बात लिखी कि 50 हजार का जो निजी मुचलका है और उसकी सिक्योरिटी जेल सुपरीटेंडेंट के सामने केजरीवाल जमा करेंगे। आम तौर पर ये होता है कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश आता है और जिस जज की कस्टडी में आरोपी रहता है वो रिलीज ऑर्डर जारी करते हैं। फिर वो जेल पहुंचता है। इस केस में भी अगर ऐसा होता तो फिर सुप्रीम कोर्ट के जमानत देने के बाद निचली अदालत के जज रिलीज ऑर्डर जारी करते। उसके बाद वो आदेश तिहाड़ जेल जाता। लेकिन यहां पर सुप्रीम कोर्ट का आदेश सीधा तिहाड़ जेल पहुंचा है।
दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि यह सिर्फ आप के लिए ही नहीं बल्कि भारत के लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। भाजपा ने इसे तानाशाही देश बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से लोगों में उम्मीद जगी है कि इस तानाशाही का अंत होगा। यह लोकतंत्र और संविधान की जीत है। अरविंद केजरीवाल आज शाम को तिहाड़ जेल से बाहर आएंगे और मुझे भरोसा है कि वे दिल्ली और देश को संबोधित जरूर करेंगे... शायद ऊपर वाले का यह ईशारा है कि अब चीज़े बदल रही हैं, देश के लोकतंत्र और संविधान पर जो हमला हो रहा था, अब उसे बदलने,रोकने का समय आ गया है।