Arvind Kejriwal ने पंजाब में नशे की समस्या पर BJP और Amit Shah को घेरा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 16, 2026

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को पंजाब में नशे के खतरे और बढ़ते संगठित अपराध से संबंधित गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी का जवाब देते हुए राज्य में इस समस्या के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा ने 2007 से 2017 के बीच पंजाब में नशा फैलाने के लिए चिट्टा पार्टी के साथ सांठगांठ की थी। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या अब आप (भाजपा) उसी पार्टी के साथ मिलकर पंजाब में नशा बेचकर फिर से अरबों रुपए कमाने के सपने देख रहे हो?

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा था कि आज भगवंत मान सरकार के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा? शाह ने कहा, ‘‘भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए।’’ गृह मंत्री पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने पूछा, ‘‘आज सबसे ज्यादा नशा उन राज्यों में है जहां कई कई सालों से आपकी सरकारें हैं। उन राज्यों में नशा बेचकर पेट नहीं भरा?

अब फिर से अपनी चिट्टा पार्टी के साथ मिलके पंजाब को बर्बाद करने आ गए?’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘जनता जानती है कि आपकी गंदी नजर पंजाब के जल संसाधनों पर है, पंजाब यूनिवर्सिटी पर है, चंडीगढ़ पर है। आप फिर से तीनों काले क़ानून (नए कृषि कानून जिन्हें वापस ले लिया गया था) लाना चाहते हो?’’ केजरीवाल ने कहा, पंजाब ऐसा कभी नहीं होने देगा।

प्रमुख खबरें

बात गलत लगी तो माफी... राहुल गांधी से नहीं मिले CJI तो भड़के थे संजय राउत, SC से अवमानना नोटिस मिलने पर बदले सुर

गरीबों को मिले 15000 रुपये तक मासिक मदद, Suvendu Adhikari ने की मांग

Trump के आरोपों पर बोले Mohammad Akrami-Nia, Iran की Air Defense पहले से कहीं बेहतर

Asian Para Games 2026 के लिए 168 सदस्यीय भारतीय दल तैयार, SAI केंद्रों में विशेष कैंप