मध्य प्रदेश में निजी क्षेत्र के बिजली संयंत्र का राखड़ बांध टूटा, छह लोग बहे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 11, 2020

सिंगरौली (मप्र)। जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर हर्रहवा गांव में निजी कंपनी के कोयला बिजली संयंत्र का राखड़ बांध टूटने से छह लोग बह गए। बहे लोगों में से अब तक एक बालक और एक युवक का शव मिला है। जिला कलेक्टर केवीएस चौधरी ने यहां शनिवार को बताया कि यह हादसा शुक्रवार शाम को हुआ। उन्होंने बताया कि दो लोगों के शव मिले हैं उनकी पहचान आठ साल के बच्चे अभिषेक कुमार शाहऔर 35 वर्षीय दिनेश कुमार के तौर पर हुई है। उन्होंने कहा कि हादसे में बहे चार लोग सीमा कुमारी (09), अंकित कुमार (03), चुनकुमारी (27) और राजद अली (28) अब भी लापता हैं और उनकी तलाश की जा रही है। हालांकि उन्होंने कहा कि इनके जीवित रहने की संभावना अब बहुत कम है। राखड़ बांध टूटने का कारण पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से रिलायंस कंपनी (पॉवर संयत्र की मालिक कंपनी)की लापरवाही का परिणाम है। कंपनी के खिलाफ जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करने जा रहा है के सवाल पर जिला कलेक्टर ने कहा कि फिलहाल उनकी प्राथमिकता चार लापता लोगों को तलाश करने की है। उन्होंने कहा कि हादसे की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। रिलायंस पॉवर की ओर इस मामले में कोई प्रतिक्रिया हासिल नहीं हो सकी है। इस हादसे से फसलों को कितना नुकसान हुआ, के सवाल पर चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद फैली राखड़ ने करीब 25 एकड़ के क्षेत्र में फसलों को प्रभावित किया है। 

प्रमुख खबरें

Iran Peace Talks पर Marco Rubio बोले, तेहरान की मांगें कतई स्वीकार्य नहीं

Delhi के चार बड़े अस्पतालों में दिवाली पर पहुंचे आग से झुलसे 397 मरीज

TMC प्रमुख Mamata Banerjee के आवास पर Delhi Police का नोटिस, पुराने मामले में मांगा बयान

Haridwar Ardh Kumbh: निर्माण कार्यों में देरी पर गढ़वाल कमिश्नर ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी