Semicon 2.0 में सिर्फ गंभीर कंपनियों को मौका, Ashwini Vaishnaw ने जारी की कड़ी चेतावनी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

नयी दिल्ली, छह नवंबर सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को कहा कि सरकार का सेमीकंडक्टर कार्यक्रम और कलपुर्जों तथा मोबाइल फोन के विनिर्माण से जुड़ी योजनाएं केवल गंभीर और तकनीकी रूप से सक्षम कंपनियों के लिए हैं तथा इनमें औपचारिकता के लिए आवेदन करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने उद्योग जगत को कड़ा संदेश देते हुए कहा, हमें केवल जगह घेरने वाले आवेदक नहीं चाहिए। वैष्णव ने कहा कि उन्होंने आईटी सचिव से इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना (ईसीएमएस) की सूची से भी 18-19 अगंभीर आवेदकों को हटाने के लिए कहा है।

सरकार ने शुक्रवार को सेमीकॉन 2.0 के लिए वेब एप्लिकेशन पोर्टल की शुरुआत की, जो शुरुआत में कार्यक्रम के छह स्तंभों में से तीन से संबंधित आवेदन लेगा। ये स्तंभ मशीनें और सामग्री, फैब (विनिर्माण इकाइयां) और पैकेजिंग हैं। अब तक केवल इन तीन स्तंभों के लिए दिशानिर्देश जारी किए गए हैं और पोर्टल अब इनके लिए आवेदन आमंत्रित कर रहा है।

अन्य तीन क्षेत्र डिजाइन, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और प्रतिभा से संबंधित हैं। सेमीकंडक्टर उद्योग को एक बुनियादी उद्योग बताते हुए वैष्णव ने जोर दिया कि पोर्टल केवल उन्हीं आवेदनों को स्वीकार करेगा जो हर तरह से पूर्ण होंगे। उन्होंने कहा कि इसे इस तरह से तैयार किया गया है कि कोई भी गैर-गंभीर या अधूरा आवेदन स्वीकार न किया जा सके।

मंत्री ने कहा, पोर्टल केवल उन्हीं आवेदनों को स्वीकार करेगा जो हर तरह से पूर्ण हैं। इसका मकसद यह है कि केवल अत्यंत गंभीर कंपनियां ही इसमें भाग लें। गैर-गंभीर आवेदकों के लिए कोई जगह नहीं है...।

हमने यह बात उद्योग जगत को स्पष्ट कर दी है। उन्होंने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर सरकार ने घोषणा की कि इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा विनिर्माण योजना के तहत 7,500 करोड़ रुपये से अधिक के 12 नए आवेदनों को मंजूरी दी गई है।

साथ ही, सेमीकॉन 2.0 के वेब आवेदन पोर्टल पर परियोजना प्रस्ताव आमंत्रित किए जा रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Syed Mushtaq Ali Trophy में Bihar की कमान संभालेंगे Vaibhav Suryavanshi

भारत सरकार ने Jio OneWeb और Starlink को दी Satellite Internet के लिए मंजूरी

Delhi Food Safety विभाग की छापेमारी, 100 किग्रा खराब खाद्य सामग्री नष्ट

Belgium King Philippe ने खारिज किया PM Bart De Wever का इस्तीफा