एशिया कप का आयोजन नौ से 28 सितंबर तक यूएई में; भारत बनाम पाकिस्तान मैच 14 और 21 सितंबर को

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 27, 2025

एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने शनिवार को घोषणा की कि पुरुषों का एशिया कप नौ से 28 सितंबर तक संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित किया जाएगा।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ करेगा और उसके सभी मैच दुबई में खेले जाने की संभावना है। भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान को ग्रुप ए में रखा गया है जबकि श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और हांगकांग ग्रुप बी में हैं। एसीसी 19 मैचों के इस टूर्नामेंट के लिए 17 सदस्यीय टीम को अनुमति देगा तथा मैच दुबई तथा अबुधाबी में खेले जाएंगे।      

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष नकवी ने ‘एक्स’ पर एक औपचारिक घोषणा में बताया, ‘‘ मुझे यूएई में एसीसी पुरुष एशिया कप 2025 की तारीखों की पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट नौ से 28 सितंबर तक होगा। हम इसमें शानदार क्रिकेट देखने की उम्मीद करते हैं। इसका विस्तृत कार्यक्रम जल्द ही जारी किया जाएगा।’’

एशिया कप के आयोजन स्थल का निर्णय 24 जुलाई को एसीसी की बैठक में किया गया। इस बैठक में सभी 25 सदस्य देशों ने भाग लिया था। टूर्नामेंट का मेजबान बीसीसीआई है, लेकिन इसे यूएई में आयोजित किया जा रहा है क्योंकि भारत और पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच मौजूदा तनाव के कारण 2027 तक केवल तटस्थ स्थानों पर प्रतिस्पर्धा करने पर पारस्परिक रूप से सहमति व्यक्त की है।

एसीसी के प्रसारकों के साथ हुए समझौते के अनुसार, भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा और सुपर सिक्स चरण में भी उन्हें एक-दूसरे से भिड़ने का एक और मौका मिलेगा। दोनों टीम अगर फाइनल में पहुंचती है तो टूर्नामेंट में तीसरे मैच की भी संभावना होगी।

भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी टी20 विश्व कप को देखते हुए एशिया कप का यह सत्र टी20 प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। एशिया कप का प्रारूप आम तौर पर आईसीसी के अगले वैश्विक टूर्नामेंट के मुताबिक होता है।

प्रमुख खबरें

Monaco Grand Prix: 19 साल के Kimi Antonelli ने रचा इतिहास, तोड़ा Lewis Hamilton का 16 साल पुराना रिकॉर्ड

FIFA World Cup 2026: आखिरी लम्हों में खत्म हुआ सस्पेंस, ईरानी टीम को मिला USA का वीजा

French Open 2026: 19 साल की Mirra Andreeva का बड़ा कमाल, जीता पहला Grand Slam खिताब

Shreyas Iyer को T20 कप्तानी, Sanjay Manjrekar ने उठाए सवाल, Shubman Gill थे पहली पसंद!