विश्वनाथ को गोल्ड, भारत ने एशियाई मुक्केबाजी अभियान का समापन 5 Gold Medal के साथ किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 10, 2026

भारत ने शुक्रवार को एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के अपने यादगार अभियान का समापन पुरुषों के 50 किलोग्राम वर्ग में विश्वनाथ सुरेश के स्वर्ण पदक के साथ किया। विश्वनाथ ने फाइनल में दबदबा बनाते हुए जापान के दाइची इवाई को 5-0 से शिकस्त दी। सचिन (60 किलोग्राम) ने कड़े मुकाबले में रजत पदक जीतकर पदकों की संख्या में इजाफा किया जिससे पुरुषों की टीम का प्रदर्शन शानदार रहा।

राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए विश्वनाथ ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया जो मुक्केबाजी की दुनिया में उनकी तेजी से बढ़ती लोकप्रियता और सफलता का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। विश्वनाथ ने अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी एक मजबूत पहचान बना ली है। उलानबटोर में उनका अभियान विशेष रूप से प्रभावशाली रहा जिसमें फाइनल तक पहुंचने के क्रम में उन्होंने दुनिया के नंबर एक मुक्केबाज को हराकर उलटफेर किया।

टीम के प्रदर्शन पर बात करते हुए भारतीय मुक्केबाजी महासंघ (बीएफआई) के अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा, ‘‘भारतीय मुक्केबाजी और हमारी महिला मुक्केबाजों के लिए यह एक असाधारण अभियान रहा है। हमारी महिलाओं ने चार स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है। हमारी पुरुष टीम का प्रदर्शन भी एक बार फिर प्रभावशाली रहा, विशेष रूप से युवा विश्वनाथ का जिन्होंने स्वर्ण पदक जीता।

उनका प्रदर्शन हमारी ‘पाइपलाइन’ (भविष्य के खिलाड़ियों की तैयारी) की मजबूती को दर्शाता है। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘खास बात यह है कि हमारे यहां प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। पिछली विश्व चैंपियनशिप के बाद टीम में कई बदलाव होने के बावजूद इस टीम ने जबरदस्त जुझारूपन और क्षमता का प्रदर्शन किया है और महाद्वीप के कुछ बेहतरीन मुक्केबाजों को हराकर खिताब अपने नाम किए हैं। ’’

सिंह ने कहा, ‘‘हम उभरती हुई प्रतिभाओं की एक नई लहर और कई पदक दावेदारों को बड़े मंच पर आगे आते देख रहे हैं। ’’ महिला टीम के लिए मीनाक्षी हुड्डा (48 किलोग्राम), प्रीति पंवार (54 किलोग्राम), प्रिया घंघास (60 किलोग्राम) और अरुंधति चौधरी (70 किलोग्राम) ने स्वर्ण पदक जीते जबकि जैस्मीन लंबोरिया (57 किलोग्राम) और अल्फिया पठान (80 किलोग्राम से अधिक) ने रजत पदक हासिल किए। इनके अलावा चार मुक्केबाजों ने कांस्य पदक भी जीते।

प्रमुख खबरें

Tata Motors की घरेलू यात्री वाहन बाजार में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी जल्द हासिल करने की तैयारी

27 सितंबर को हुआ था Raja Ram Mohan Roy का निधन, जानें आज का इतिहास

Low Energy और थकान से राहत देंगे ये 3 Desi Drinks, घर पर बनाना है आसान

एसबीआई का कुल कारोबार 2030 तक 200 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान : CS Setty