Asian Champions Trophy: सविता पूनिया को आराम, भारतीय महिला हॉकी टीम में बंसरी सोलंकी शामिल

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया को भोपाल में होने वाली महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए भारतीय टीम से आराम दिया गया है और उनकी जगह बंसरी सोलंकी को टीम में शामिल किया गया है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने मंगलवार को घोषित टीम में कुछ खिलाड़ियों की भूमिकाओं में बदलाव की भी जानकारी दी। टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के नाथू बरखेड़ा में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर किया जाएगा। भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में प्रतियोगिता में उतरेगी और अपने अभियान की शुरुआत टूर्नामेंट के पहले दिन मलेशिया के खिलाफ करेगी। मिडफील्डर सलीमा टेटे टीम की कप्तान बरकरार रहेंगी। जापान में पिछले महीने एशियाई खेलों में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में खेलेगी। भारत 2016, 2023 और 2024 में एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीत चुका है। छह टीम की इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, मलेशिया, थाईलैंड और दक्षिण कोरिया हिस्सा लेंगे। भारत की तरह दक्षिण कोरिया ने भी महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब तीन बार जीता है। पच्चीस वर्षीय बंसरी पिछले साल एशिया कप जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थीं। बिचू देवी खरीबाम ने टीम में दूसरे गोलकीपर के रूप में अपना स्थान बरकरार रखा है। मारिन ने कहा, ‘‘यह अन्य खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका देने का समय है। कुछ खिलाड़ी अपनी सामान्य पोजिशन से अलग भूमिका में खेलेंगी जिससे कि मैं देख सकूं कि वे नई जिम्मेदारी में कैसा प्रदर्शन करती हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम घरेलू दर्शकों के सामने खेलने और साल का समापन अच्छे प्रदर्शन के साथ करने को लेकर उत्साहित हैं।’’ खिलाड़ियों की भूमिकाओं में बदलाव के तहत एशियाई खेलों में फारवर्ड के रूप में खेलने वाली रुतुजा ददासो पिसल को एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मिडफील्ड में रखा गया है। इसी तरह मिडफील्डर निक्की प्रधान को डिफेंस में शामिल किया गया है जबकि इशिका चौधरी को डिफेंस से मिडफील्ड में भेजा गया है। एसीटी का आयोजन राउंड रोबिन प्रारूप में होगा जिसमें प्रत्येक टीम अन्य पांच टीम के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी। लीग चरण के अंत में शीर्ष चार टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। टूर्नामेंट के पहले दिन एशिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम चीन का सामना थाईलैंड से होगा। इसके बाद उद्घाटन समारोह के पश्चात भारत और मलेशिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा। भारतीय टीम 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगी। सेमीफाइनल मुकाबले 27 नवंबर को जबकि पदक के लिए मैच 28 नवंबर को खेले जाएंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, ‘‘महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी भोपाल 2026 हमारी टीम के लिए एशियाई खेलों में मिली ऐतिहासिक जीत की लय को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘घरेलू दर्शकों के सामने खेलना खिलाड़ियों के लिए बड़ी प्रेरणा होगी और मुझे विश्वास है कि वे शानदार प्रदर्शन करके देश को गौरवान्वित करेंगी।’’ हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी टूर्नामेंट के लिए टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘मौजूदा चैंपियन होने के कारण टीम अपनी जीत की लय बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध होगी। हमें एक रोमांचक प्रतियोगिता और मध्य प्रदेश के हॉकी प्रशंसकों से मजबूत समर्थन की उम्मीद है।’’

भारतीय टीम: गोलकीपर: बंसरी सोलंकी, बिचू देवी खरीबाम। डिफेंडर: निक्की प्रधान, ज्योति, ज्योति सिंह, सुशीला चानू, लालथांतलुआंगी, पूजा साहू। मिडफील्डर: रुतुजा ददासो पिसल, सुनेलिटा टोप्पो, सलीमा टेटे (कप्तान), नेहा, साक्षी राणा, बलजीत कौर, इशिका। फारवर्ड: नवनीत कौर, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग, लालरेमसियामी, मुमताज खान।

प्रमुख खबरें

Prabhasakshi NewsRoom: बार-बार हार कर भी नहीं सुधरा Pakistan! India से अगली जंग के लिए तेजी से जुटा रहा लड़ाकू विमान और घातक मिसाइलें

महिलाओं पर क्लिंटन की नजर, सरकोजी की अकड़ और राजकुमारी डायना की गर्मजोशी, सोनिया गांधी ने किताब में खोले कई राज

Punjab में पराली जलाने की घटनाएं 4657 पहुंचीं, तरनतारन और फिरोजपुर सबसे आगे

Koffee With Karan 9: सिद्धार्थ-कियारा ने अपनी शादी के किस्से साझा किए, शाहिद कपूर के साथ करण जौहर के एक मजेदार पल को याद किया