Asian Games Archery: Jyothi Surekha बाहर, Chikita और Ganesh क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 28, 2026

मौजूदा चैम्पियन ज्योति सुरेखा दक्षिण कोरिया की 14 वर्ष की कांग योनसियो से हारकर बाहर हो गई जबकि पदार्पण कर रही चिकिता तानीपर्थी और गणेश मणिरत्नम एशियाई खेलों की कंपाउंड महिला और पुरूष तीरंदाजी में अपने अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। हांगझोउ में पिछले एशियाई खेलों में व्यक्तिगत , महिला टीम और मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली ज्योति ने प्री क्वार्टर फाइनल में 146 स्कोर किया जबकि यांग ने परफेक्ट 150 स्कोर बनाया। इससे पहले ज्योति ने कजाखस्तान की एडेल जेशेनिबनोवा को 148 . 145 से हराया था।

इससे पहले गणेश ने पुरुष कम्पाउंड तीरंदाजी के रोमांचक मुकाबले में हमवतन साहिल जाधव को 149-148 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। दोनों भारतीय तीरंदाजों ने अपने शुरुआती मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया। जाधव ने मंगोलिया के जामियांगोम्बो पुरेवदोरज के खिलाफ सभी पांच सेट अपने नाम करते हुए 149-137 से जीत हासिल की।

गणेश ने इंडोनेशिया के सोस्तार अंदारू रिनाल्डी को 144-142 से मात दी। शुरुआती दो सेट गंवाने के बाद इंडोनेशियाई तीरंदाज ने जोरदार वापसी की। अंतिम सेट 30-30 से बराबर रहा, लेकिन शुरुआती बढ़त के दम पर गणेश ने दो अंक से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

इसके बाद प्री-क्वार्टर फाइनल में दोनों भारतीय आमने-सामने थे। जाधव ने पहला सेट जीतकर बढ़त बनाई लेकिन गणेश ने अगले ही सेट में बराबरी हासिल कर ली। इसके बाद दोनों ने एक-एक सेट जीता और मुकाबला निर्णायक पांचवें सेट तक पहुंच गया।

निर्णायक सेट में गणेश ने दो बार 10 अंक और एक एक्स निशाना साधकर बाजी मारी। जाधव ने एक एक्स और 10 अंक हासिल किए, लेकिन इसके बाद नौ अंक के निशाने ने उन्हें मुकाबले में पीछे कर दिया। क्वार्टर फाइनल में गणेश का सामना चीनी ताइपे के चिएह-लुन चेन से होगा।

प्रमुख खबरें

Bengal के युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले हैं, Kolkata में बोले BJP नेता Nitin Nabin

Glowing Skin के लिए असरदार हैं ये 5 किचन फूड्स, ऐसे बनाएं होममेड Face Pack

Muzaffarpur Crime: नाबालिग दलित लड़की से छेड़छाड़ के मामले में पड़ोसी गिरफ्तार

Manipur के Loktak Lake पर बसा Floating Village Champu Khangpok पानी पर तैरता है