Asian Games फाइनल में Pakistan को 19 रन से हराकर भारत ने जीता Gold Medal

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 03, 2026

निशिन, तीन अक्टूबर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के तूफानी अर्धशतकों की मदद से भारत ने हसन नवाज की आक्रामक पारी के बावजूद रोमांचक फाइनल में अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 19 रन से हराकर शनिवार को यहां एशियाई खेलों के पुरुष क्रिकेट में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। अभिषेक ने 28 गेंद पर 61 रन बनाए जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल हैं। तिलक वर्मा ने आखिरी ओवरों में 22 गेंद पर नाबाद 51 रन की पारी खेली जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल हैं।

पाकिस्तान खराब शुरुआत के बावजूद हसन नवाज की 51 गेंदों पर 96 रन की पारी से मुकाबले में बना रहा लेकिन आखिर में वह छह विकेट पर 192 रन तक ही पहुंच पाया। नवाज जब चार रन पर थे तब वैभव सूर्यवंशी ने उनका कैच छोड़ दिया था। नवाज ने अपनी पारी में पांच चौके और सात छक्के लगाए।

भारत की तरफ से अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए। भारत की महिला क्रिकेट टीम ने भी स्वर्ण पदक जीता था और इस तरह से वह इस खेल में दोहरी सफलता हासिल करने में सफल रहा। भारतीय टीम ने पिछले साल एशिया कप के फाइनल में भी पाकिस्तान को हराया था।

बड़े लक्ष्य का पीछा कर रहे पाकिस्तान ने आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन इस दौरान उसने विकेट भी गंवाए। स्पिनर अक्षर और वाशिंगटन ने उसके बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। वाशिंगटन ने कप्तान साहिबजादा फरहान (10) को डीप मिडविकेट पर कैच कराकर भारत को बड़ी सफलता दिलाई।

अक्षर ने इसके बाद नए बल्लेबाज उस्मान खान (03) को तुरंत ही पवेलियन की राह दिखा दी। उन्होंने माज सदाकत (23) के तीखे तेवरों पर भी विराम लगाया, जिससे पाकिस्तान का स्कोर तीन विकेट पर 39 रन हो गया। लेकिन नवाज और साइम अयूब (22 गेंद पर 29 रन) ने भारत की पेशानी पर बल ला दिए।

इन दोनों ने विशेषकर लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को निशाना बनाया जिन्होंने तीन ओवर में 44 रन लुटाए। पिच से स्पिनरों को मिल रही मदद तो देखते हुए कप्तान अय्यर ने अभिषेक को भी गेंद सौंपी जिन्होंने दो ओवर में 23 रन दिए। ऐसे मौके पर दुबे फिर से ‘गोल्डन आर्म’ साबित हुए।

उन्होंने अपनी पहली गेंद पर ही साइम को आउट कर दिया जिसमें वाशिंगटन ने दौड़ लगाकर कैच लेकर महत्वपूर्ण योगदान दिया। वाशिंगटन ने इसके बाद अब्दुल समद (09) को आउट किया। पाकिस्तान को आखिरी दो ओवर में 44 रन चाहिए थे।

जसप्रीत बुमराह ने 19वें ओवर में 11 रन दिए जबकि दुबे ने अंतिम ओवर में 33 रन का बचाव किया। उन्होंने आखिरी गेंद पर नवाज को आउट करके उन्हें शतक पूरा नहीं करने दिया। इससे पहले पिछले साल पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में शानदार प्रदर्शन करने वाले अभिषेक ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शानदार बल्लेबाजी की और 20 गेंद में अर्धशतक बनाकर विपक्षी टीम के स्पिन आक्रमण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

अभिषेक ने धीमी गेंदबाजी का भरपूर फायदा उठाते हुए विकेट के दोनों तरफ बेफिक्र होकर से छक्के जड़े। अराफात ने अपनी गति में बदलाव करके अभिषेक को स्टंप आउट कराया। ईशान किशन (18 गेंदों में 20 रन) ने कप्तान श्रेयस अय्यर (24 गेंदों में 21 रन) के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 35 रन जोड़कर स्थिति संभाली।

तिलक और दुबे ने आखिरी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए स्पिनरों की जमकर धुलाई की। इन दोनों खिलाड़ियों ने छठे विकेट के लिए केवल पांच ओवरों में 62 रन जोड़े जबकि रन बनाना आसान नहीं था। बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर सुफयान मोकिम के पारी के 18वें ओवर में 18 रन बने और फिर ऑफ स्पिनर साइम अयूब ने 19वें ओवर में 23 रन दिए।

तेज गेंदबाज दानियाल ने आखिरी ओवर किया जिसमें 16 और रन बने। भारत ने स्पिनरों की मददगार पिच पर कुल 15 छक्के लगाए। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट खोकर 81 रन बनाए।

वैभव सूर्यवंशी (नौ गेंदों में 15 रन) ने लेग स्पिनर साद मसूद की गेंदों पर दो छक्के लगाए। सूर्यवंशी ऑफ स्पिनर अयूब की गेंद पर रिवर्स शॉट खेलने की कोशिश में आउट हो गए। उन्होंने इस 15 वर्षीय खिलाड़ी को आउट करने के बाद ‘रॉकिंग द बेबी’ शैली में जश्न मनाया।

कप्तान अय्यर और किशन दोनों ही 11 से 15 ओवरों के बीच बड़े शॉट नहीं लगा पाए। किशन के तेज, सीधी और थोड़ी ज्यादा उछाल वाली गेंद पर बोल्ड होने के बाद लेग स्पिनर अबरार ने अय्यर की संघर्षपूर्ण पारी समाप्त की। इस तरह से दो विकेट पर 93 रन से भारत का स्कोर अचानक ही पांच विकेट पर 133 रन हो गया।

जब ऐसा लग रहा था कि भारत 200 रन तक भी नहीं पहुंच पाएगा, तब तिलक और दुबे की जोड़ी ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश किया।

प्रमुख खबरें

Love Horoscope For 3 October 2026 | आज का प्रेम राशिफल 3 अक्टूबर 2026 | प्रेमियों के लिए कैसा रहेगा आज का दिन

Vrindavan में Premanand Maharaj के आश्रम बाहर लापता किशोर के परिजनों का प्रदर्शन

Asian Games 2026 में Ishan Kishan ने पूरा किया 1000 T20I रन का आंकड़ा, बनाया खास रिकॉर्ड

राजनयिक संबंध नहीं रखने वाले देश का पायलट इजराइली उड़ानें संचालित नहीं कर सकता, फिर Omani Co-Pilot कैसे Flydubai Flight में आ गया?