Assam में Army Driver का चालान काटने और दुर्व्यवहार करने पर MVI ड्यूटी से हटाई गईं

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

असम में सड़क सुरक्षा नियमों के पालन के लिए चलाये गये अभियान के दौरान सीट बेल्ट नहीं लगाने पर सेना के एक चालक का चालान काटने वाले मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) को ड्यूटी से हटा दिया गया है। जोरहाट जिला प्रशासन ने बृहस्पतिवार को इस घटना के कारण सेना को असुविधाजनक स्थिति का सामना करने के लिए खेद जताया। यह घटना बुधवार को जोरहाट शहर में व्यस्त एटी रोड पर अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) के सामने हुई।

अधिकारियों ने बताया कि चालक जोरहाट सैन्य स्टेशन के लिचुबाड़ी स्थित 41 सब-एरिया से जुड़ा था और एक अन्य कनिष्ठ सैन्यकर्मी के साथ आधिकारिक ड्यूटी पर था। जिला परिवहन अधिकारी धनंजय सैकिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि एमवीआई समीम सुल्ताना ने सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालक का चालान काटा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि चालक पर वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने के आरोप में जुर्माना नहीं लगाया गया था।

उन्होंने कहा, सेना के कर्मी सेना के वाहनों को चलाने के लिए सेना के ड्राइविंग लाइसेंस का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन इस लाइसेंस से नागरिक वाहन नहीं चला सकते। सैकिया ने कहा कि एमवीआई ने चालक से पूछताछ के दौरान कुछ हद तक अभद्र व्यवहार किया था और उन्हें एक-दो दिन तक ड्यूटी से दूर रखा जायेगा। एमवीआई और सेना के चालक के बीच कथित बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा कि पड़ोसी गोलाघाट जिले में 13 नवंबर को हुए हादसे में 26 लोगों की मौत के बाद राज्य सरकार ने सभी जिलों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान तेज करने का निर्देश दिया था। बयान में कहा गया, जोरहाट में ऐसे ही एक नियमित अभियान के दौरान रक्षा मंत्रालय के एक वाहन से जुड़ी घटना हुई। बताया गया कि उसका चालक सीट बेल्ट नहीं लगाए हुए था।

इस कारण अनजाने में एक असहज स्थिति पैदा हो गई और कुछ गलतफहमियां हुईं।’’ प्रशासन ने सेना के कर्मियों को हुई किसी भी ‘‘ असुविधाजनक स्थिति या परेशानी के लिए खेद जताया। उसने कहा कि सशस्त्र बलों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या उनका अनादर करने का कोई इरादा नहीं था। बयान के अनुसार, डीटीओ की ओर से सौंपी गई रिपोर्ट के आधार पर घटना की परिस्थितियों की जांच की गई।

इस मामले पर लिचुबाड़ी स्थित मुख्यालय 41 सब-एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) के नेतृत्व में हुई संयुक्त बैठक में भी चर्चा की गई। इसमें कहा गया कि बैठक के दौरान घटना को लेकर कुछ गलतफहमियों और भ्रामक सूचनाओं की बात सामने आई। बयान के अनुसार यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने वाले अधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे सशस्त्र बलों, आपातकालीन सेवाओं और एंबुलेंस के वाहनों से निपटते समय सावधानी, संवेदनशीलता और विवेक से काम लें।

इन वाहनों की विशिष्ट जिम्मेदारियों और परिचालन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। प्रशासन ने कहा कि वह सशस्त्र बलों का सर्वोच्च सम्मान करता है और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं को बहुत महत्व देता है।

प्रमुख खबरें

Amit Shah बोले: लश्कर आतंकी लतीफ भट के खात्मे के साथ Kashmir 35 साल बाद स्थानीय आतंकियों से मुक्त

ICJ ने रोहिंग्या नरसंहार के लिए म्यांमा को ठहराया जिम्मेदार, Bangladesh ने फैसले का किया स्वागत

Goa के Calangute Beach पर चार झोपड़ियां जलकर खाक, प्रभावितों को आर्थिक मदद

Gorakhpur में सपा के रोड शो की JCB से कुचलकर 14 वर्षीय लड़के की मौत, सियासत गरमाई