Assembly bypolls 2025 | पश्चिम बंगाल, केरल, पंजाब, गुजरात की 5 सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, 23 जून को आएंगे नतीजे

By रेनू तिवारी | Jun 19, 2025

विधानसभा उपचुनावों को लेकर दिलचस्पी ज़्यादातर राज्यों तक ही सीमित रहती है, खासकर तब जब मुकाबला किसी बड़े नेता से न जुड़ा हो। हालांकि, चार राज्यों में फैली 5 सीटों के लिए आज होने वाले विधानसभा उपचुनावों पर 23 जून को नतीजे आने के बाद सभी की नज़र रहेगी - क्योंकि यह पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहला चुनावी मुकाबला होगा - भारत की सैन्य प्रतिक्रिया जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकी शिविरों पर हवाई और ज़मीनी हमले शामिल थे।

इसे भी पढ़ें: पुलिस ने ऑपरेशन सिंदूर थीम पर भाजपा नेता द्वारा आयोजित दुर्गा पूजा को भेजा पत्र

 

पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक जारी रहेगा। मतगणना 23 जून को होगी। आम आदमी पार्टी (आप) विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी के जनवरी में निधन के बाद लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट खाली हो गई है। लुधियाना पश्चिम क्षेत्र में कई दलों के बीच टक्कर है। प्रमुख राजनीतिक दल ‘आप’, कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) एक-दूसरे को मात देने के प्रयास में जुटे हैं। उपचुनाव के लिए प्रचार मंगलवार शाम को समाप्त हो गया। इस सीट के लिए कुल 14 उम्मीदवार मैदान पर हैं और 85,371 महिलाओं एवं 10 ‘ट्रांसजेंडर’ समेत कुल 1,75,469 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं। 

इसे भी पढ़ें: खामेनेई के संबोधन के तुरंत बाद इजरायल ने लवीज़ान पर दनादन दाग दी मिसाइल, माना जाता है सुप्रीम लीडर का गुप्त ठिकाना

 

पश्चिम बंगाल उपचुनाव 

पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में कालीगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उपचुनाव के लिए केंद्रीय बलों की 14 कंपनी को तैनात किया गया है। मतदान शाम पांच बजे समाप्त होगा। तृणमूल कांग्रेस के विधायक नसीरुद्दीन अहमद का फरवरी में अचानक निधन होने के कारण इस सीट पर उपचुनाव की आवश्यकता पड़ी। उनकी बेटी अलीफा तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आशीष घोष को अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का समर्थन प्राप्त है। उपचुनाव में तृणमूल, भाजपा और कांग्रेस-वाम गठबंधन के बीच त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है।

 गुजरात उपचुनाव 

गुजरात में विसावदर और कडी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह मतदान शुरू हो गया। इन सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे समाप्त होगा। गुजरात के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बताया कि राज्य सरकार ने मतदान के लिए बृहस्पतिवार को दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में 294 मतदान केंद्रों पर ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन’ (ईवीएम) के जरिए वोट डाले जा रहे है। विसावदर से ‘आप’ उम्मीदवार भूपेंद्र भयानी ने 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार हर्षद रिबादिया को 7,063 मतोंके अंतर से हराया था। हर्षद पहले कांग्रेस में थे।

केरल  उपचुनाव 

केरल में नीलांबुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान बृहस्पतिवार सुबह सात बजे शुरू हो गया। केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की तैनाती सहित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हुआ। ‘वेबकास्टिंग’ के जरिए उपचुनाव प्रक्रिया पर सीधे नजर रखी जा रही है। उपचुनाव के लिए 263 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जहां सुबह से ही मतदाता पहुंचने लगे। इस निर्वाचन क्षेत्र के 2.32 लाख से अधिक लोग मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए पात्र हैं। वे 10 उम्मीदवारों में से अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे। इन 10 उम्मीदवारों में से प्रमुख दावेदार सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) उम्मीदवार एम स्वराज, कांग्रेस नीत संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के आर्यदान शौकत, तृणमूल कांग्रेस की राज्य इकाई के संयोजक एवं निर्दलीय उम्मीदवार पी वी अनवर और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मोहन जॉर्ज हैं।

All the updates here:

प्रमुख खबरें

US-Israel-Iran War Live Updates: ईरान का पलटवार, खाड़ी में American Bases पर भीषण Missile Attack

न्यूलीवेड Rashmika Mandanna और Vijay Deverakonda ने फैंस के साथ मनाया जश्न, हैदराबाद में होस्ट किया ग्रैंड लंच, खुद किया सबका स्वागत

Holi का पूरा Package अब Online; Apps पर गुलाल, गुझिया के साथ मिल रहे T-shirt और Party Props

Holi 2026: प्रधानमंत्री मोदी ने की कामना, देशवासियों के जीवन में सफलता के रंगों की बौछार हो