By अंकित सिंह | May 25, 2023
दिग्गज अभिनेता आशीष विद्यार्थी ने गुरुवार, 25 मई को एक निजी समारोह में असम की रूपाली बरुआ के साथ शादी कर ली है। कई हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम और अधिक क्षेत्रीय फिल्मों में दिखाई देने वाले अभिनेता को रूपाली में फिर से प्यार मिला है। आशीष विद्यार्थी की यह दूसरी शादी है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता की शादी पहले गुजरे जमाने की अभिनेत्री शकुंतला बरुआ की बेटी राजोशी बरुआ से हुई थी। विद्यार्थी की दूसरी पत्नी रूपाली, जो गुवाहाटी से हैं, कोलकाता में एक अपस्केल फैशन स्टोर से जुड़ी हैं।
हालांकि, दोनों की मुलाकात कैसे हुई थी, यह सभी जानना चाहते हैं। इसपर उन्होंने कहा कि हम कुछ समय पहले मिले थे और इसे आगे बढ़ाने का फैसला किया। लेकिन हम दोनों चाहते थे कि हमारी शादी एक छोटा पारिवारिक मामला हो। आशीष विद्यार्थी बॉलीवुड में अपनी खलनायक की भूमिकाओं के लिए लोकप्रिय हैं। उन्होंने भारतीय सिनेमा में कई फिल्मों में काम किया है। अभिनेता का जन्म 19 जून, 1962 को दिल्ली में हुआ था। द्रोहकाल के लिए इन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। विद्यार्थी ने 300 से अधिक फिल्मों में 11 भाषाओं में काम किया है।