AFI ने जल्द ही डोपिंग के सबसे अधिक जोखिम वाले वर्ग से बाहर निकलने का वादा किया

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Apr 21, 2026

 एथलेटिक्स इंटीग्रिटी यूनिट (AIU) द्वारा भारत को डोपिंग के ‘बेहद अधिक’ जोखिम वाले देश की श्रेणी में रखने से शर्मिंदा भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) ने मंगलवार को कहा कि वह राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) और खेल मंत्रालय के साथ मिलकर काम करेगा जिससे कि डोपिंग के सबसे बड़े दोषियों के वर्ग से जल्द से जल्द बाहर निकला जा सके।

एएफआई ने एआईयू के फैसले को स्वीकार किया और कहा कि वह वर्ग ए से बाहर निकलने की दिशा में काम करेगा। एएफआई ने कहा, ‘‘एआईयू, नाडा और युवा मामले तथा खेल मंत्रालय के साथ लगातार सहयोग से एएफआई को विश्वास है कि भारत इस चुनौती से पार पा लेगा और जल्द ही वर्ग ए से हटा दिया जाएगा।’’

विश्व एथलेटिक्स के डोपिंग रोधी नियमों के तहत एआईयू बोर्ड सभी सदस्य संघों को खेल में डोपिंग के जोखिम के आधार पर वर्गीकृत करता है। श्रेणी ए में उन सदस्य देश को रखा जाता है जहां डोपिंग का जोखिम सर्वाधिक होता है। इन देशों के प्रति डोपिंग के मामले में अधिक कड़ा रवैया अपनाया जाता है। श्रेणी बी के सदस्य देशों में डोपिंग का जोखिम मध्यम स्तर का होता है जबकि श्रेणी सी में शामिल देशों में डोपिंग का जोखिम कम होता है।

भारत 2022 और 2025 के बीच एथलेटिक्स में डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघनों (एडीआरवी) के मामले में शीर्ष दो देशों में शामिल रहा है। एआईयू के अनुसार भारत में 2022 में 48 एडीआरवी (दूसरा स्थान), 2023 में 63 (दूसरा स्थान), 2024 में 71 (पहला स्थान) और 2025 (अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार) में 30 एडीआरवी (पहला स्थान) दर्ज किए गए।

एआईयू की हाल में जारी की गई सूची में डोपिंग में दोषी पाए गए व्यक्तियों की सूची में कीनिया को पीछे छोड़कर भारत पहले स्थान पर पहुंच गया है। भरत के 148 एथलीट और सहयोगी स्टाफ के सदस्यों को डोपिंग उल्लंघन के कारण निलंबित किया गया है। एएफआई ने कहा कि उसने लगातार यह बात दोहराई है कि डोपिंग भारत में एथलेटिक्स के विकास को कमजोर करती है।

एएफआई ने कहा, ‘‘महासंघ ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों तरह की डोपिंग रोधी संस्थाओं के साथ सक्रिय रूप से सहयोग किया है जिससे कि शिक्षा को मजबूत किया जा सके, परीक्षण को बेहतर बनाया जा सके और जांच में मदद की जा सके।’’ उन्होंने कहा, ‘‘एएफआई ने डोपिंग के लिए जिम्मेदार लोगों को अपराधी घोषित करने की भी वकालत की है विशेषकर जमीनी स्तर पर जिससे कि युवा खिलाड़ियों को शोषण से बचाया जा सके।’’

महासंघ ने कहा कि एआईयू ने भी भारत में सार्थक डोपिंग रोधी सुधारों के लिए एएफआई के प्रयासों को सराहा है और कहा कि वह हर स्तर पर डोपिंग से निपटने के लिए एआईयू और नाडा के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रमुख खबरें

AI ने खुद लिखा 80% Code! Claude बनाने वाली Anthropic की रिपोर्ट से सनसनी, बढ़ा ये बड़ा खतरा

Rome Diamond League में बड़ा उलटफेर, Sri Lanka के रुमेश ने Neeraj Chopra को पछाड़ बनाया Record

ENG vs NZ: Lords में England का मास्टरस्ट्रोक, 140 पर ढेर होकर भी कीवी टीम को किया पस्त

Real Madrid Election: पेरेज़ का मास्टरस्ट्रोक, 150 मिलियन यूरो में लाएंगे Jude Bellingham से भी महंगा खिलाड़ी