पिता की कब्र के पास दफनाया जाएगा अतीक अहमद का लाडला, सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत

By रेनू तिवारी | Aug 07, 2026

माफिया व पूर्व सांसद दिवंगत अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की झांसी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह दुर्घटना बृहस्पतिवार सुबह झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र में हुई। कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। सड़क दुर्घटना का शिकार हुए अतीक अहमद के बेटे अबान एवं उसके एक साथी के शव सहित अन्य तीन घायलों को लेकर देर रात परिजन प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।

बृहस्पतिवार देर रात यहां पोस्टमार्टम के दौरान मेडिकल कॉलेज में मौजूद क्षेत्राधिकारी (नगर) रामवीर सिंह ने बताया कि प्रयागराज से आए तीनों घायलों के परिजन बेहतर इलाज के उद्देश्य से रात करीब साढ़े नौ बजे उन्हें एंबुलेंस से लेकर प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। उन्होंने बताया कि मध्य रात्रि करीब पौने बारह बजे अतीक के बेटे अबान और उसके साथी सोनू के शव अंतिम संस्कार के लिए उनके परिजन प्रयागराज ले गए।

अपर पुलिस अधीक्षक (देहात) अरविंद कुमार ने बताया कि पूर्व सांसद अतीक अहमद का बेटा अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने भाइयों से मिलने जा रहा था, तभी रास्ते में पुंछ थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज गति से गुजर रही उसकी एसयूवी कार बेकाबू होकर एक डिवाइडर से टकराकर पलट गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने संवाददाताओं को बताया कि इस हादसे की सूचना पुलिस को सुबह साढ़े 10 बजे मिली।

उन्होंने कहा कि इस हादसे में अबान अहमद (21) और उसके दोस्त सोनू (25) की मौत हो गई। मूर्ति ने बताया कि हादसे में घायल कार सवार आजम, मोहम्मद जावेद और उमर को झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मूर्ति ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चला है कि कार की गति बहुत तेज थी। उन्होंने कहा, ‘‘घायल यात्रियों में से एक ने हमें बताया कि गाड़ी बहुत तेज गति से गुजर रही थी और डिवाइडर से टकराने से पहले बेकाबू हो गई थी।’’

इसे भी पढ़ें: FCRA Amendment Bill 2026 | द्रमुक सांसद पी. विल्सन और ईसाई नेताओं ने गृह मंत्री अमित शाह से की मुलाकात, कानून वापस लेने की मांग

अधिकारियों ने कहा कि अबान अहमद और सोनू के शवों को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां तीन डॉक्टरों के पैनल ने शवों का पोस्टमार्टम किया। दुर्घटनाग्रस्त हुई कार में सवार रहे अबान के घायल दोस्त मोहम्मद उमर ने संवाददाताओं को बताया कि वे अबान के भाई से मिलने झांसी जेल जा रहे थे तभी कार बेकाबू हो गयी और यह हादसा हो गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिये राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जाएगी। माना जा रहा है कि अबान के शव को प्रयागराज के कसारी मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा, जहां उसके परिवार के दूसरे सदस्यों को भी दफनाया गया था। सूत्रों के मुताबिक, अबान अतीक अहमद के पांच बेटों में सबसे छोटा था पांच भाइयों में से उमर और अली अभी उत्तर प्रदेश की अलग-अलग जेलों में बंद हैं।

इसे भी पढ़ें: FCRA Amendment Bill 2026 | संसद में 12 अगस्त को पेश होगा विवादित FCRA बिल, विपक्ष से बोले रिजिजू- 'राजनीतिक विरोधी हैं, दुश्मन नहीं'

अतीक अहमद का एक और बेटा असद अप्रैल 2023 में झांसी के पास पुलिस से हुई मुठभेड़ में मारा गया था। वह वर्ष 2005 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह रहे उमेश पाल की हत्या के मामले में वांछित था। अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की 15 अप्रैल 2023 को पत्रकार बनकर पहुंचे तीन लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के समय पुलिस दोनों को मेडिकल जांच के लिए प्रयागराज के एक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ले जा रही थी।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi ने Ranchi में JPSC अभ्यर्थियों को मदद का आश्वासन दिया, छात्र नेता का दावा

Yogi Adityanath बोले: Kanwar Yatra में बाधा डालने वालों पर होगी कठोर कार्रवाई

Delhi में बारिश के दौरान नाले में गिरा व्यक्ति, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

CGPSC scam: पूर्व IAS जीवन किशोर ध्रुव की जमानत याचिका खारिज, High Court का सख्त रुख