जनता का रुख भाँपने के बाद ही कश्मीरी नेताओं के तेवर ढीले पड़े हैं

By डॉ. वेदप्रताप वैदिक | Jun 29, 2021

जम्मू-कश्मीर के नेताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संवाद काफी सार्थक रहा। इसे हम एक अच्छी शुरुआत भी कह सकते हैं। 22 माह पहले जब सरकार ने धारा 370 हटाई थी और इन नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था, तब और अब के माहौल में जमीन-आसमान का अंतर आ गया है। जब इस संवाद की घोषणा हुई तो मेरे मन में दो शंकाएँ थीं। एक तो यह कि कुछ कश्मीरी नेता इसमें भाग लेने से ही मना कर देंगे। और यदि वे भाग लेंगे तो बैठक में बड़ा हंगामा होगा। कहा-सुनी होगी। बहिष्कार होगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उमर अब्दुल्ला जैसे दो-तीन नेताओं ने कहा कि यह संवाद बहुत शांति और मर्यादा से संपन्न हुआ।

सरकार ने धारा 370 को वापिस ले आने का कोई संकेत नहीं दिया है। कश्मीरी पार्टियों के नेताओं ने अपनी इस मांग को उठाया जरूर लेकिन उसे ही एक मात्र मुद्दा नहीं बनाया। समझा जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव पहले होंगे और उसे राज्य का दर्जा बाद में मिलेगा। मैं कहता हूं कि उसे चुनाव के पहले ही राज्य का दर्जा क्यों नहीं दे दिया जाए और राज्यपाल की देख-रेख में चुनाव क्यों नहीं करवा दिए जाएं? जहां तक धारा 370 का सवाल है, उसकी जगह धारा 371 के अन्तर्गत जम्मू-कश्मीर को कुछ विशेष सुविधाएं जरूर दे दी जाएं, जैसे कि उत्तराखंड, मिजोरम, नागालैंड आदि राज्यों को दी गई हैं।

इसे भी पढ़ें: मोदी के मिशन कश्मीर को आगे बढ़ाने में पूरा सहयोग कर रहे हैं गुलाम नबी आजाद

गुलाम नबी आजाद की इस मांग को भी मान लेने में कोई बुराई नहीं है कि अब भी गिरफ्तार नेताओं को रिहा कर दिया जाए, पंडितों का पुनर्वास किया जाए और कश्मीरियों के रोजगार को सुरक्षित किया जाए। भारत के अन्य राज्यों की तरह कश्मीर को भी बराबरी का दर्जा मिले। न वह घटिया हो और न ही बढ़िया! जहां तक पाकिस्तान का सवाल है, उसने हर तीर आज़मा कर देख लिया है। उसे पता चल गया है कि कश्मीर पर अब उसका कोई दांव नहीं चल पाएगा। अब तो उसके कब्जे के कश्मीर पर बात होनी चाहिए। यदि दोनों कश्मीरों को मिला दिया जाए तो अब तक जो खाई थी, वह पुल बन सकती है।

-डॉ. वेदप्रताप वैदिक

प्रमुख खबरें

तालिबान के सफेद विमान ने मचाया तहलका, चौंके करोड़ों भारतीय!

Sri Lanka: जजों की रिटायरमेंट उम्र बढ़ाने वाले बिल पर जनमत संग्रह की जरूरत नहीं, सुप्रीम कोर्ट का फैसला

Bollywood Wrap Up | National Film Awards 2026 | गुजरात के केवड़िया में सजी दिग्गजों की महफिल | Anant Nag, Mammootty, Yami Gautam ने जीता अवॉर्ड

Shreyas Iyer बोले, सानो की टर्निंग पिच पर बैटिंग थी मुश्किल, Asian Games के लिए मिला अभ्यास