By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 31, 2026
कहते हैं वक्त कभी एक सा नहीं रहता, बदल जाए तो तकदीरें बदल देता है। इसे वक्त की मार नहीं तो और क्या कहेंगे कि एक समय परिकथा सी लगने वाली ब्रिटेन की राजकुमारी डायना की जिंदगी 31 अगस्त 1997 को एक त्रासदी में बदल गई। ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पुत्र राजकुमार चार्ल्स (वर्तमान में महाराजा चार्ल्स तृतीय) के साथ डायना स्पेंसर की 1981 में हुई शादी सारी दुनिया के लिए एक बड़ी खबर थी लेकिन 31 अगस्त 1997 को एक कार दुर्घटना में डायना की मौत इससे भी बड़ी खबर बनी जिसने ब्रिटेन के शाही परिवार को झकझोर कर रख दिया। 31 अगस्त 2021 की रात अमेरिका ने अपने अंतिम सैनिकों को काबुल से बाहर निकाल लिया, जिससे 11 सितंबर के हमलों के बाद शुरू हुआ दो दशकों का युद्ध समाप्त हुआ। अमेरिकी सैनिकों के जाने के बाद तालिबान ने काबुल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया और इसे अपनी बड़ी जीत बताते हुए जश्न मनाया। इसके बाद अफगानिस्तान पर तालिबान का शासन शुरू हुआ। 31 अगस्त 2025 को पूर्वी अफगानिस्तान में 6.0 तीव्रता का भूकंप आया जिससे कुनार और नंगरहार प्रांतों में भारी तबाही हुई और 2,200 से अधिक लोगों की मौत हो गई, करीब 5000 लोग घायल हो गए और लगभग 8,000 घर ढह गए या पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन होने के कारण राहत दल का पहुँचना बहुत मुश्किल हो गया था।