By एकता | Nov 24, 2026
मार्वल स्टूडियोज की फिल्म 'एवेंजर्स डूम्सडे' को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। मेकर्स ने फिल्म का फाइनल ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इसमें मल्टीवर्स की अलग-अलग दुनिया के सुपरहीरोज एक साथ नजर आ रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि रॉबर्ट डाउनी जूनियर एक बार फिर मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स में लौट रहे हैं, लेकिन इस बार वह हीरो नहीं बल्कि विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में दिखाई देंगे।
फिल्म के फाइनल ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन और मल्टीवर्स की कई टाइमलाइन की झलक दिखाई गई है। इसमें कैप्टन अमेरिका के बेटे की भी झलक मिलती है। ट्रेलर में डॉक्टर डूम के सामने मार्वल के कई बड़े सुपरहीरो एक साथ खड़े नजर आते हैं। इस टीम में फैंटास्टिक फोर और एक्स-मेन के हीरो भी शामिल हैं। खास बात यह है कि फॉक्स की 'एक्स-मेन' फिल्मों के कई पुराने किरदार भी इस फिल्म के जरिए मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की मुख्य कहानी का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
फिल्म की कहानी स्टीव रोजर्स और पेगी कार्टर से शुरू होती है। दोनों अपनी जिंदगी शांति से बिता रहे हैं। स्टीव ने अपने बेटे से अपने सुपरहीरो वाले अतीत को छिपाकर रखा है। लेकिन उनकी यह शांत जिंदगी तब बदल जाती है, जब डॉक्टर डूम उनके परिवार को निशाना बनाता है। डॉक्टर डूम अपनी जिंदगी में सबकुछ खोने के गम से गुजर रहा है और इसी बीच रोजर्स परिवार के सामने बड़ा खतरा बनकर आता है। ऐसे में फैंटास्टिक फोर को स्टीव रोजर्स की मदद के लिए आगे आना पड़ता है। इसके बाद कहानी में कई सुपरहीरो एक साथ मिलकर इस खतरे का सामना करते दिखाई देंगे।
'एवेंजर्स डूम्सडे' की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। यह फिल्म 17 दिसंबर 2026 को भारत के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म 18 दिसंबर 2026 को रिलीज की जाएगी। रॉबर्ट डाउनी जूनियर की विलेन के रूप में वापसी और अलग-अलग सुपरहीरो टीमों के एक साथ आने से यह फिल्म मार्वल के प्रशंसकों के लिए खास होने वाली है।