By एकता | Jul 07, 2026
महिलाओं की तरह पुरुषों के लिए भी हार्मोनल हेल्थ का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। हालांकि, जब भी पुरुषों की फिटनेस की बात होती है, तो ज्यादातर लोगों का फोकस जिम, प्रोटीन और मसल्स बनाने पर ही रहता है। ऐसे में हार्मोनल हेल्थ जैसी जरूरी चीज अक्सर नजरअंदाज हो जाती है। जबकि शरीर की एनर्जी, मूड, नींद, मेटाबॉलिज्म और ओवरऑल फिटनेस काफी हद तक हार्मोन के संतुलन पर निर्भर करती है। आयुर्वेद के अनुसार, पुरुषों की रोजमर्रा की आदतें जैसे अच्छी नींद, संतुलित खान-पान, तनाव को कंट्रोल करना और नियमित दिनचर्या अपनाना हार्मोनल बैलेंस बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर आप लंबे समय तक खुद को फिट, एक्टिव और हेल्दी रखना चाहते हैं, तो इन आसान आयुर्वेदिक आदतों को अपनी लाइफस्टाइल का हिस्सा जरूर बनाएं।
अगर सुबह उठने के बाद भी शरीर थका हुआ महसूस होता है या दिनभर एनर्जी की कमी रहती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार थकान इस बात का संकेत हो सकती है कि आपके शरीर को आराम और रिकवरी की जरूरत है। हर दिन खुद को जरूरत से ज्यादा काम में धकेलने की बजाय पर्याप्त आराम करें। याद रखें, आराम करना कमजोरी नहीं बल्कि शरीर को मजबूत बनाने का हिस्सा है।
थकान दूर करने के लिए बार-बार एनर्जी ड्रिंक या कैफीन का सहारा लेना सही आदत नहीं है। इससे कुछ समय के लिए एनर्जी महसूस हो सकती है, लेकिन यह लंबे समय तक शरीर को फायदा नहीं पहुंचाता। आयुर्वेद के अनुसार असली एनर्जी अच्छी डाइट, पर्याप्त पानी और भरपूर नींद से मिलती है। इसलिए अपनी रोज की आदतों को बेहतर बनाना ज्यादा जरूरी है।
आपका मानसिक हाल भी पाचन पर असर डालता है। अगर आप बहुत गुस्से, चिंता या तनाव में हैं, तो उसी समय खाना खाने से पाचन प्रभावित हो सकता है। बेहतर होगा कि पहले खुद को थोड़ा शांत करें और फिर आराम से खाना खाएं। आयुर्वेद भी शांत मन से भोजन करने की सलाह देता है ताकि शरीर भोजन का पूरा फायदा उठा सके।
अक्सर लोग कुछ दिनों तक मोटिवेशन के साथ हेल्दी आदतें अपनाते हैं और फिर छोड़ देते हैं। लेकिन आयुर्वेद का मानना है कि अच्छी सेहत का राज नियमित दिनचर्या में छिपा है। रोज एक ही समय पर उठना, खाना खाना और सोना शरीर की नेचुरल बॉडी क्लॉक को बेहतर बनाए रखता है। छोटी-छोटी अच्छी आदतें लंबे समय में बड़े फायदे देती हैं।
आजकल कई लोग पूरे दिन ऑफिस, घर या स्क्रीन के सामने बिताते हैं। लेकिन शरीर को सिर्फ चार दीवारों के अंदर रहने के लिए नहीं बनाया गया है। रोजाना 15 से 20 मिनट ताजी हवा और प्राकृतिक धूप में समय बिताने से शरीर की नेचुरल रिदम बेहतर रहती है और एनर्जी भी महसूस होती है। आयुर्वेद भी प्रकृति के साथ तालमेल बनाकर रहने को अच्छी सेहत के लिए जरूरी मानता है।