बघेल ने कहा- छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा चर्च बीजेपी शासन में बने

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Nov 15, 2022

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोमवार को कहा कि रमन सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार के 15 साल के शासन में छत्तीसगढ़ में सबसे अधिक गिरजाघर बने। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को पूर्व मुख्यमंत्री से इसकी जानकारी लेनी चाहिए। इससे पहले दिन में भागवत ने छत्तीसगढ़ के अपने चार दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए जशपुर में एक कार्यक्रम के दौरान आदिवासियों से उन लोगों से बचने की अपील की जो उनके भोलेपन का फायदा उठाकर उन्हें ठगने की कोशिश करते हैं।

भागवत का यह बयान तब आया है जब राज्य के मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस शासन में धर्मांतरण की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। दुर्ग जिले में एक कार्यक्रम के दौरान भागवत की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, ‘‘मोहन भागवत जी रमन सिंह जी से पूछ लें कि उनके कार्यकाल (2003 से 2018) में कितने गिरजाघर बने हैं और अगर जानकारी नहीं है तो मैं भिजवा देता हूं कि 15 साल के कार्यकाल में कितने गिरजाघर बने हैं।

बघेल ने कहा, ‘‘क्योंकि जब ईसाई होंगे तभी गिरजाघर बनेगा। गिरजाघर बनेगा तब ईसाई नहीं होंगे। जब कोई सिख होगा जहां निवास करेगा तभी तो वहां गुरुद्वारा बनेगा। ’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘रमन सिंह के 15 साल के कार्यकाल में सबसे ज्यादा गिरजाघर बने हैं। मेरी बात को झुठला दे कोई, मैं रिकार्ड दे दूंगा। लोगों को बरगलाने का कार्य न करें। मोहन भागवत जी को शायद गलत जानकारी दी गई है।’’ बघेल ने कहा, ‘‘15 साल तक लोग ठगे गए हैं अब नहीं ठगे जाएंगे। यहां के किसान, नौजवान, महिलाएं, युवा 15 साल खूब ठगे गए हैं। ठगने का काम रमन सिंह करते रहे हैं।

प्रमुख खबरें

Canada : सड़क हादसे में भारतीय दंपति, तीन महीने के बच्चे समेत चार लोगों की मौत

CBSE 10th, 12th Board Result 2024: आ गया ताजा अपडेट, इस दिन जारी होगा सीबीएसई बोर्ड का रिजल्ट, ऐसे देख सकते हैं परिणाम

कांग्रेस, लेफ्ट और टीएमसी सारे उद्योगों को किया बर्बाद, इंडस्ट्री के मामले में बंगाल के स्वर्णिम काल की पीएम मोदी ने दिलाई याद

Modis Special Ops! अमेरिका, कनाडा, पाकिस्तान के बाद ऑस्ट्रेलिया में भी भारत ने चला दिया खुफिया ऑपरेशन? Five Eyes हैरान