Baghpat में राष्ट्रपति के अंगरक्षक को गोली मारने वाले दो आरोपियों पर 10-10 हजार का इनाम

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 11, 2026

उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में आपसी कहासुनी के बाद हुई मारपीट के दौरान राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात सेना के एक जवान को गोली लगने के मामले में पुलिस ने फरार दो आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह चौहान ने बुधवार देर शाम बताया कि यह घटना आठ नवंबर को रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में हुई थी। उन्होंने बताया कि गांव के ही मोनू और धीरज की विपिन तथा उसके भाई सौरभ तोमर (26) से कहासुनी हो गई थी।

सौरभ राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें विपिन घायल हो गया। चौहान ने बताया कि इसी दौरान धीरज ने गोली चलाई, जो दीवार से टकराकर दूसरी दिशा में चली गई और सौरभ के सिर में जा लगी।

इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से सौरभ को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उसके सिर से गोली निकाल दी है और फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

चौहान ने बताया कि घायलों के पिता जनकराज की शिकायत पर रमाला थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीम गठित की गई हैं और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को फरार आरोपियों मोनू और धीरज की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

पुलिस के अनुसार, सौरभ तोमर वर्ष 2021 में सेना में भर्ती हुआ था और वर्तमान में नयी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति के अंगरक्षक दल में तैनात है।

प्रमुख खबरें

Darbhanga में आभूषण कारोबारी से लूट, पूर्व BJP पदाधिकारी समेत पांच गिरफ्तार

Abhishek Banerjee ने घर के बाहर Kolkata Police की निगरानी का लगाया आरोप, जताई नए हमले की आशंका

Jharkhand में BJP का प्रदर्शन, कार्यकर्ता निशा भगत की मौत मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी मांगी

Swachh Survekshan में NDMC को मिला दूसरा स्थान, राष्ट्रपति मुर्मू ने सौंपा सम्मान