By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 28, 2026
बलिया जिले में एक मुस्लिम विवाहिता को कथित रूप से दहेज के लिए प्रताड़ित करने और खाड़ी देश में रह रहे उसके पति द्वारा मोबाइल फोन पर तीन तलाक देने के मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बलिया शहर कोतवाली में उमर गंज मोहल्ले की रहने वाली रुखसार की शिकायत पर मंगलवार को उसके पति मोहम्मद आरिफ समेत छह लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और दहेज प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई।
सूत्रों के मुताबिक महिला ने आरोप लगाया कि उसने अपने मायके की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए दहेज लाने में असमर्थता जताई, तो उसके पति ने फोन पर तीन बार तलाक कहकर उससे रिश्ता खत्म करने की बात कही। प्राथमिकी के अनुसार, इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी देकर उसे उसकी बेटी के साथ घर से निकाल दिया। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर ईरज राजा ने बुधवार को बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।