Bangladesh PM Tarique Rahman ने Awami League के खिलाफ एकजुटता का किया आह्वान

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 19, 2026

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग की ‘‘वापसी’’ को रोकने के लिए ‘‘लोकतांत्रिक ताकतों’’ से एकजुट होने का आह्वान किया। हसीना ने मौत की सजा सुनाए जाने के बावजूद दिसंबर में स्वदेश लौटने की घोषणा की है, जिसके बाद देश में राजनीतिक हिंसा भड़क उठी है। रहमान ने बुधवार को संसद में अपने संबोधन में कहा, ‘‘इन आतंकवादियों (अवामी लीग के कार्यकर्ताओं) ने एक बार फिर देश और उसके लोगों के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियां शुरू कर दी हैं।’’ बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक हिंसा भड़कने से पिछले दो दिनों में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है।

प्रधानमंत्री ने सभी लोकतांत्रिक राजनीतिक दलों से एक मंच पर एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह जुलाई विद्रोह के दौरान छात्र नेतृत्व वाले हिंसक सड़क प्रदर्शनों में अवामी लीग सरकार को सत्ता से हटाने के लिए राजनीतिक दल एकजुट हुए थे, उसी तरह अब भी उन्हें उस ‘‘पराजित, सत्ता से बेदखल की गई और फासीवादी ताकतों’’ का मुकाबला करने तथा उनकी साजिशों को नाकाम करने के लिए एकजुट होना चाहिए। रहमान ने कहा, ‘‘आइए, हम एक बार फिर 2024 की तरह ही एकजुट हों, जब हमने देश से निरंकुश शक्तियों को बाहर कर दिया था और यह सुनिश्चित करें कि उन ताकतों को निर्णायक रूप से पराजित किया जाए।’’ संसद के मौजूदा सत्र के समापन के अवसर पर अपने अंतिम संबोधन से पहले उन्होंने अपनी पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के सांसदों से तत्काल अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में लौटने और देश के विभिन्न हिस्सों में राजनीतिक हिंसा के बीच सड़कों पर सक्रिय रूप से मौजूद रहने को कहा।

‘डेली स्टार’ और अन्य समाचार पत्रों ने बताया कि रहमान ने बीएनपी सांसदों से कहा कि वे अवामी लीग कार्यकर्ताओं का मुकाबला करने के लिए केवल सरकारी तंत्र या प्रशासन पर निर्भर नहीं रहें, बल्कि पार्टी के जमीनी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करें। वर्तमान में भंग कर दी गई अवामी लीग ने बृहस्पतिवार को देशव्यापी ‘‘लॉकडाउन’’ का आह्वान किया है। हसीना की अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद मोहम्मद यूनुस ने देश की कमान संभाली थी और उनकी अंतरिम सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया था।

अवामी लीग ने इस लॉकडाउन का आह्वान ऐसे समय किया है, जब पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण ने हसीना को उनकी अनुपस्थिति में मुकदमा चलाकर मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोप में मौत की सजा सुनाई थी। लॉकडाउन का आह्वान उसी फैसले के एक साल पूरे होने के मौके पर किया गया। लॉकडाउन के आह्वान के बाद अधिकारियों ने सुरक्षा बढ़ा दी और बुधवार को देशभर में अर्द्धसैनिक बलों के सैकड़ों जवान तैनात किए गए।

हालांकि, बुधवार शाम बांग्लादेश के कुछ हिस्सों में फिर हिंसा भड़क उठी। इस दौरान हसीना के समर्थकों की बीएनपी कार्यकर्ताओं और कानून प्रवर्तन कर्मियों के साथ झड़प हुई। पुलिस ने बताया कि पश्चिमी नाराइल जिले में बीएनपी की एक रैली पर अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के हमले के दौरान सत्तारूढ़ दल के दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई।

जिला पुलिस प्रमुख अल मामून सिकदर ने बताया कि बीएनपी की सांस्कृतिक शाखा के नेता सोहेल मुल्ला और किसान मोर्चे के नेता मोहम्मद शाहिन ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। दक्षिण-पश्चिमी पिरोजपुर में बुधवार तड़के अज्ञात हमलावरों ने दो वाहनों में आग लगा दी। इस घटना में एक बस के अंदर सो रहे परिवहन कर्मचारी की जलकर मौत हो गई।

इससे एक दिन पहले मंगलवार देर रात फरीदपुर में अवामी लीग के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प के दौरान स्थानीय बीएनपी नेता राजू मुल्ला की मौत हो गई थी। मीडिया में आई खबरों के अनुसार, बीएनपी के कम से कम दो कार्यालयों और पार्टी के एक नेता के घर में आग लगा दी गई। इसके अलावा, पिछले 24 घंटों के दौरान बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में अवामी लीग के कम से कम दो कार्यालयों और प्रतिबंधित पार्टी के नेताओं की पांच संपत्ति को जला दिया गया।

इस दौरान देश के 64 प्रशासनिक जिलों में से 28 में दर्जनों बम विस्फोट हुए और वाहनों को आग लगा दी गई। हालांकि,पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मुहम्मद यूनुस के ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हमले नयी घटनाओं के रूप में सामने आए। ये हमले बुधवार और बृहस्पतिवार तड़के या आधी रात के दौरान पूर्वोत्तर के सिलहट, उत्तर-पश्चिम के राजशाही तथा दक्षिण-पश्चिम के बरिशाल और फरीदपुर समेत कई इलाकों में हुए।

यूनुस ने पांच अगस्त 2024 को छात्र नेतृत्व वाले हिंसक प्रदर्शन के कारण हसीना की अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने के बाद सत्ता संभाली थी। इससे पहले कई कानूनी मुद्दों को लेकर उनका पिछली सरकार के साथ लंबे समय से विवाद था। उनकी अंतरिम सरकार ने अवामी लीग को भंग कर दिया और उसके हजारों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को जेल भेज दिया।

इनमें से ज्यादातर पर सामूहिक हत्या जैसे अस्पष्ट या ऐसे आरोप लगाए गए जिन्हें साबित करना मुश्किल था। उनके शासनकाल के दौरान हसीना के पिता और बांग्लादेश के संस्थापक शेख मुजीबुर रहमान के धानमंडी स्थित आवास को उनके कथित समर्थकों द्वारा कई चरणों में आग लगाकर ध्वस्त कर दिया गया। उन्होंने अवामी लीग के नेतृत्व में लड़े गए 1971 के मुक्ति संग्राम की ऐतिहासिक इमारतों को भी ध्वस्त कर दिया।

प्रमुख खबरें

Columbia University में बोले Rahul Gandhi, 2014 चुनाव में गड़बड़ी के सबूत थे, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने कहा था- 300% पक्के सबूत बिना मत बोलिए

RSS प्रमुख Mohan Bhagwat के Manipur दौरे पर Congress ने उठाए सवाल, शांति के लिए ठोस कदम की मांग

आसियान मंचः भारत का दबदबा, मोदी की कूटनीतिक गूंज

तो क्या ट्रंप के कूटनीतिक मायाजाल में फंस जाएंगे पुतिन और जिनफिंग? आखिर अपने रणनीतिक सहयोगियों को क्या देंगे दिलासा?