By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 04, 2026
ढाका, चार अक्टूबर बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि उसे उम्मीद है कि अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया में भारत तेजी लाएगा और उनकी स्वदेश वापसी के लिए कानूनी प्रक्रिया के अलावा ‘‘राजनीतिक मंशा’’ भी जरूरी है। यह टिप्पणी भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी के यह कहने के एक दिन बाद आई कि भारत हसीना की वापसी के लिए कोई समयसीमा नहीं बता सकता, क्योंकि ढाका के प्रत्यर्पण अनुरोध की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच की जा रही है। विदेश मामलों की राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने अपने कार्यालय में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा, “निश्चित रूप से इसमें कानूनी प्रक्रिया शामिल है, लेकिन राजनीतिक मंशा भी जरूरी है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत प्रत्यर्पण प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए कदम उठाएगा।