Barmer में दो हिरणों के शिकार पर भड़के ग्रामीण, धरना देकर तुरंत गिरफ्तारी की मांग की

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 07, 2026

जयपुर, सात नवंबर राजस्थान के बाड़मेर जिले में संदिग्ध शिकारियों ने कथित तौर पर दो हिरणों को मार डाला। इसके विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। यह घटना शुक्रवार रात धनाऊ थाना क्षेत्र के नेहरों की नाड़ी और बिसारणिया गांव के पास हुई।

ग्रामीणों के अनुसार संदिग्ध शिकारियों ने दो हिरणों को मार डाला और एक हिरण के शव के पैर बांधकर उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया। बताया जा रहा है कि ये संदिग्ध तीसरे हिरण का पीछा करते हुए एक पशुबाड़े के पास पहुंच गए। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकारी हिरणों को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए पत्थरों से भरे एक लोहे के डिब्बे का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे आवाज पैदा हो रही थी।

इस शोर से बाड़े में मौजूद मवेशी परेशान हो गए जिससे ग्रामीणों को पता चल गया और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद संदिग्ध अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। घटना के बाद ग्रामीण इकट्ठा हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग करते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम, धनाऊ थाने से जाब्ता और चोहटन वृत्ताधिकारी जेठाराम मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने की भी कोशिश की। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं लेकिन इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

प्रमुख खबरें

केरल में NHM भर्तियों की जांच होगी, स्वास्थ्य मंत्री Muraleedharan ने दिए संकेत

आंतरिक मामलों में दखल की साजिश? ED ने पकड़ी 1.5 Million Dollar की संदिग्ध फंडिंग ट्रेल

सपनों में भी SP को दिखती है BJP की डबल इंजन सरकार, Pankaj Chaudhary का तंज

Sandiyar First Look Out: एसयू अरुण कुमार की एक्शन ड्रामा फिल्म में हाथ में बंदूक लिए रफ अवतार में दिखे कमल हासन