By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 12, 2026
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के ब्रज क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बाद अब राधारानी के जन्मोत्सव राधाष्टमी की तैयारियां तेज हो गई हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर को मनाए जाने वाले इस पर्व का मुख्य आकर्षण बरसाना, राधारानी की जन्मस्थली रावल गांव और वृंदावन स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर होंगे, जहां विभिन्न धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए 38 ‘होल्डिंग एरिया’ बनाए जा रहे हैं, आने वाले मार्गों पर 88 स्थानों पर अवरोधक लगाए जाएंगे और 50 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था होगी। उन्होंने बताया कि छह ‘वॉच टावर’, 155 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और 27 स्थानों पर 63 अस्थायी कैमरे लगाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में 12 स्वास्थ्य शिविर, मेडिकल टीमें और बाइक एंबुलेंस तैनात रहेंगी। अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए 35 पानी के टैंकर, 30 मोबाइल शौचालय, 100 लाउडस्पीकर और सात जूता घर बनाए जाएंगे। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम 18 और 19 सितंबर को बरसाना आने-जाने के लिए 160 बसें चलाएगा जबकि 40 अतिरिक्त बसें रिजर्व रहेंगी।
ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में राधारानी के प्राकट्योत्सव की तैयारियां भी जारी हैं। राधाष्टमी के दिन स्वामी हरिदास का 489वां पाटोत्सव भी मनाया जाएगा और 12 सितंबर से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम शुरू होंगे।