बीसीसीआई एशिया कप समीक्षा : बीच के ओवरों में धीमी बल्लेबाजी चिंता का विषय

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 14, 2022

अगले महीने 16 अक्टूबर से शुरू होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप से पूर्व भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की एशिया कप को लेकर हुई समीक्षा बैठक में सात से लेकर 15 ओवर के बीच भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर चिंता जताई गई। भारत विश्व कप में अपना पहला मैच 23 अक्टूबर को अपने चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के खिलाफ मेलबर्न में खेलेगा। बीसीसीआई ने सोमवार को विश्व कप तथा 20 सितंबर से ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाले छह टी20 मैचों के लिए टीम घोषित की।

सभी ने इस पर सहमति जताई की बेहतर टीमों के खिलाफ भारत का बीच के ओवरों में अपनाया गया रवैया चिंता का विषय है और एशिया कप में इससे टीम को नुकसान हुआ। अधिकारी ने कहा, ‘‘बीच के ओवरों में बल्लेबाजी एक मुद्दा था विशेषकर सातवें से लेकर 15 ओवर के बीच बल्लेबाजी जिसमें एशिया कप में हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। टीम थिंक टैंक इससे अवगत है और हमारे पास कुछ विश्व स्तरीय खिलाड़ी हैं जो टीम की जरूरतों के अनुसार अपना खेल बदल सकते हैं।’’

यदि सातवें से लेकर 15वें ओवर के बीच भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर गौर करें तो पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में उन्होंने नौ ओवरों में 59 रन बनाए और तीन विकेट गंवाए। यहां तक कि हांगकांग के खिलाफ भी इन ओवरों में केवल 62 रन बने जबकि पाकिस्तान के खिलाफ सुपर चार के मैच में भी इन ओवरों में 62 रन बनाए गए और इस बीच भारत ने एक विकेट खोया। इन नौ ओवरों में भारत ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन श्रीलंका के खिलाफ किया।

तब उसने इन ओवरों में 78 रन बनाए थे। चयन समिति की बैठक से पहले चर्चा थी कि ऋषभ पंत की जगह संजू सैमसन को 15 सदस्यीय टीम में शामिल किया जा सकता है लेकिन उनके नाम पर चर्चा तक नहीं की गई। बीसीसीआई सूत्रों ने कहा,‘‘ संजू दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे में खेलेगा क्योंकि चयनकर्ता जिंबाब्वे दौरे के बाद निरंतरता बनाए रखना चाहेंगे। इसके अलावा पंत को बाहर करने पर चर्चा नहीं हुई। वह शीर्ष क्रम में बाएं हाथ का एकमात्र बल्लेबाज है और जब उसका बल्ला चलता है तो वह अपने दम पर मैच जीत सकता है।

प्रमुख खबरें

Donald Trump ने Truth Social पर पूछा सवाल, 8 युद्ध सुलझाने पर भी क्यों नहीं मिला नोबेल

उत्तराखंड के Hemkund Sahib के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 3.84 लाख श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

US हमलों के बावजूद बातचीत नहीं छोड़ेगा Iran, बैठक में Vladimir Putin ने बढ़ाया हाथ

Ranji Trophy 2026-27 का आगाज रविवार से, स्टार खिलाड़ियों और युवाओं पर रहेंगी नजरें