IPL की तारीख के साथ रणजी मुआवजे को लेकर BCCI SGM करेगा चर्चा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 28, 2021

नयी दिल्ली। भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) शनिवार को ऑनलाइन होने वाली विशेष आम बैठक (एसजीएम) में निलंबित इंडियन प्रीमियर लीग के बाकी बचे मैचों को 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक के बीच यूएई में कराने पर फैसला कर सकता है। बैठक का एजेंडा ‘भारत में व्याप्त महामारी के मद्देनजर आगामी क्रिकेट सत्र पर चर्चा करना’ है। एजेंडा के व्यापक दायरे में सदस्यों को आईसीसी टी20 विश्व कप और रद्द किए गए रणजी ट्रॉफी के पिछले सत्र के लिए घरेलू क्रिकेटरों के लिए विलंबित मुआवजे के पैकेज पर चर्चा करना भी शामिल है। बीसीसीबाई टी20 विश्व कप को भारत में ही आयोजित करना चाहता है और एक जून को आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के बोर्ड की बैठक के दौरान वह खेल के इस वैश्विक निकाय को कोई भी फैसला लेने से पहले भारत में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा के लिए इंतजार करने को कहेगा। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के शनिवार को मुंबई से बैठक की अध्यक्षता करने की उम्मीद है।

इसमें विदेशी खिलाड़ियों की सेवाएं लेने और बबल-टू बबल ट्रांसफर (एक जैव-सुरक्षित माहौल से दूसरे जैव-सुरक्षित माहौल में आना) सहित अन्य संबंधित पहलुओं पर भी बहुत विचार-विमर्श होगा। उन्होंने बताया, ‘‘ इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट निदेशक एशले जाइल्स पहले ही कह चुके हैं कि उनके देश के खिलाड़ियों को आईपीएल खेलने की अनुमति नहीं दी जाएगी क्योंकि वे आईसीसी टी20 विश्व कप से पहले अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं का पालन करेंगे।’’ एक फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने पीटीआई-से कहा, ‘‘ उम्मीद है कि अध्यक्ष और सचिव हमें बताएंगे कि इंग्लैंड के खिलाड़ियों की स्थिति को कैसे संभाला जाएगा।’’ जोस बटलर, बेन स्टोक्स (यदि फिट हो), जोफ्रा आर्चर (यदि फिट हो), जॉनी बेयरस्टो, सैम कुरेन, इयोन मोर्गन, मोइन अली जैसे खिलाड़ी अपनी राष्ट्रीय टीम के अंतिम एकादश के खिलाड़ी है ऐसे में फ्रेंचाइजियों के लिए उनका विकल्प ढूंढना आसान नहीं होगा। भारतीय टीम 14 सितंबर को इंग्लैंड के दौरे को खत्म कर वहां से चार्टर्ड विमान से यूएई आयेगी।

इसे भी पढ़ें: बार्सिलोना, जुवेंटस और रीयाल ने की यूएफा की कड़ी आलोचना, कहा- दबाव सहन नहीं करेंगे

टी20 विश्व कप का मुद्दा भी बैठक में अहम होगा। भारत में कोविड-19 मामले के कारण इसके यूएई में होने की संभावनाएं है। यूएई में आईपीएल मैचों के आयोजन की स्थिति में पिचों का इस्तेमाल ज्यादा होगा ऐसे में आईसीसी अमीरात क्रिकेट बोर्ड और बीसीसीआई से इस वैश्विक प्रतियोगिता के लिए तीन में से दो मैदानों की मांग कर सकता है। बोर्ड की कोशिश हालांकि टी20 विश्वकप को भारत में ही करने की होगी लेकिन एक अधिकारी ने सवाल किया, ‘‘ जब हम आठ टीमों के आईपीएल मैचों को सितंबर अक्टूबर में भारत में नहीं करा पा रहे हैं तो 16 अंतरराष्ट्रीय टीमें के टी20 विश्व कप को नौ शहरों में कैसे करवाएंगे।’’ भारतीय टीम को टी20 विश्व कप से पहले न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखलाएं खेलनी थी लेकिन आईपीएल के कारण इसे रद्द करना होगा।

इसे भी पढ़ें: मुंबई की पूर्व खिलाड़ी रंजीता राणे का कैंसर से जूझने के बाद निधन, BCCI ने जताया शोक

इस बैठक में कोविड-19 के कारण रद्द हुए रणजी सत्र के कारण 700 खिलाड़ी प्रभावित हुए है।बीसीसीआई ने पिछले साल जनवरी में खिलाड़ियों को वित्तीय मदद का भरोसा दिया था लेकिन उसके तरीके के बारे में नहीं बताया था। राज्य इकाई (रणजी टीम) से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, ‘‘ घरेलू क्रिकेट में खेलने वाले महज 73 क्रिकेटरों के पास ही आईपीएल अनुबंध है। सिर्फ विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी खेलने से उनकी वित्तीय जरूरते पूरी नहीं होंगी।मुझे लगता है कि इसका सबसे बेहतर समाधानराज्य इकाइयों को एकमुश्त मुआवजा पैकेज सौंपना होगा और वे पिछले सत्र के अनुसार अपने खिलाड़ियों के बीच वितरित करेंगे।

प्रमुख खबरें

Delhi Police ने महरौली चोरी केस सुलझाया, iPhone 15 खरीदने से पकड़े गए दो आरोपी

अभिषेक शर्मा की आक्रामक पारी से भारत ने Afghanistan को हराकर जीती T20I श्रृंखला

Tata Sons में SP Group की हिस्सेदारी बेचकर 25000 करोड़ जुटाने का Noel Tata ने दिया प्रस्ताव

PM Narendra Modi के 76वें जन्मदिन पर Rajasthan में सेवा अभियान, CM Bhajan Lal Sharma ने गिनाए विकास कार्य