टमाटर महंगे होने के फायदे (व्यंग्य)

By संतोष उत्सुक | Jul 20, 2023

शानदार कीमत पर टमाटर बिकते ही पत्नी ‘स्वादिष्ट’ सब्जी बनाने से इंकार कर देती है। हमने पत्नी से निवेदन किया, माहौल को सकारात्मक बनाए रखें और टमाटर महंगे हो जाने का फायदा उठाएं। उन्होंने मेहरबानी की और दही की ग्रेवी में लाजवाब सब्जी बना डाली। टमाटर न खरीद पाने का फायदा हो गया। कहा गया है ‘आवश्यकता आविष्कार की जननी है’ सो हमने उन परिचितों से बात की जो हमेशा बिना टमाटर के ही सब्जी खाते हैं और पूर्णतया स्वस्थ भी हैं। टमाटर ही क्या, खाने की कोई भी चीज़ महंगी होकर, इंसान को किफायत से खर्च करना सिखा देती है। टमाटर महंगे होने के कारण ही नए तरीके से बनी सब्जियां पकाई जाती हैं। 

इसे भी पढ़ें: भेड़ों की कमी थोड़े न है! (व्यंग्य)

टमाटर फल है सब्जी नहीं और जब सेब, टमाटर वाली दरों पर मिल रहे हों तो सेब प्रयोग करना चाहिए। ‘सेब पेस्ट’ में छौंकी सब्जी कई रसोइयों में पहली बार बनेगी और सेलफ़ी लेकर प्रसिद्ध कर देगी। ख़ास हो जाने वाले टमाटर रसोई में नहीं होंगे तो पत्नियां साबित कर देंगी कि असली स्वाद खाद्य पदार्थों में नहीं, प्रेम और समर्पण में छिपा है। पति तारीफ करेंगे तो पत्नियों को अन्य फायदे भी हो सकते हैं। देश की राजधानी दिल्ली का इतिहास अगर बदल न दिया हो तो कहीं एक पृष्ठ पर लिखा है महंगे प्याज़ ने एक बार सरकार गिरवा दी थी, मगर अभी ऐसा होना संभव नहीं है क्योंकि फिलहाल, टमाटर महंगा है। वैसे, टमाटरों ने महंगे बिक कर बागवानों के चेहरों और परिवारों में रौनक ला दी है और अब बहुतों के ऋण खाते एनपीए होने से बच जाएंगे। इससे कुछ बैंक शाखाओं की साख बची रहेगी। टमाटर महंगे होने के नुकसान आपको पता हैं मगर यहां लिखने नहीं हैं। जब विकास की धुन पर सकारात्मकता, सुन्दर लुभावना नृत्य कर रही तो संतुष्ट रह कर केवल ताली बजानी चाहिए।

- संतोष उत्सुक

प्रमुख खबरें

Sunset Awe Effect: Sunset Awe बढ़ाता है एकाग्रता और Memory, अनिद्रा की समस्या से मिलेगी राहत

Nirmala Sitharaman पहुंचीं Singapore, वैश्विक निवेशकों के साथ करेंगी उच्चस्तरीय बैठकें

Karnataka में आइसक्रीम इकाइयों पर छापा, 70 नमूने जांच के लिए भेजे

Shardiya Navratri 2026 की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी, हाथी पर सवार होकर आएंगी Maa Durga