बंगाल भाजपा अध्यक्ष को किया गया गिरफ्तार, जेपी नड्डा ने की निंदा, ममता सरकार पर साधा निशाना

By अंकित सिंह | Jun 11, 2022

भाजपा के निलंबित प्रवक्ता नूपुर शर्मा द्वारा पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी किए जाने के बाद बवाल लगातार जारी है। इसके बाद देश के कई इलाकों में हिंसक प्रदर्शन हुआ। पश्चिम बंगाल के हावड़ा में भी हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला। इस दौरान हावड़ा में जमकर पत्थरबाजी और आगजनी भी की गई। वहीं, अब इसको लेकर पश्चिम बंगाल में राजनीतिक घमासान तेज हो गई है। जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस ने बंगाल इकाई के भाजपा अध्यक्ष सुकांता मजूमदार को गिरफ्तार कर लिया। अब इसको लेकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पश्चिम बंगाल की सरकार पर निशाना साधा है। जेपी नड्डा ने लिखा कि बंगाल के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांता मजूमदार को अकारण पहले हाउस अरेस्ट और फिर गिरफ्तार करना अति निंदनीय है। ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक ओर बंगाल की सरकार अपराधियों के हौसले बुलंद करती है, असामाजिक तत्व को आश्रय देती है वहीं दूसरी ओर लोकतांत्रिक ढंग से जनता की लड़ाई लड़ने वालों की आवाज़ को दबाती है।

इसे भी पढ़ें: बंगाल में क़ानून व्यवस्था की कोई स्थिति नहीं, अधीर रंजन ने कहा- नेता गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी न करें

वहीं मजूमदार ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की स्थिति कश्मीर की तरह हो गई है। उन्होंने खुद को हिरासत में लिए जाने से पहले कहा कि पहले तो उन्होंने मुझे मेरे घर पर रोका। मुझे घर में नजरबंद कर दिया गया। बाद में, उन्होंने मुझे अपने आवास से निकलने की अनुमति दी। अब उन्होंने मुझे विद्यासागर सेतु पर रोक दिया है और मुझे गिरफ्तार कर लिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम कश्मीर में नेताओं को नजरबंद किए जाने की खबरें पढ़ते थे। आज यहां ऐसा ही कुछ हुआ। राज्य तेजी से कश्मीर में बदल रहा है। मजूमदार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता विरोध में सड़कों पर उतर आए। गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कोलकाता पुलिस के मुख्यालय लालबाजार पहुंचीं। इसी तरह का प्रदर्शन उत्तर दिनाजपुर, कूचबिहार, बीरभूम और जलपाईगुड़ी जिलों में भी हुआ। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने मजूमदार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए आरोप लगाया कि वह सांप्रदायिक तनाव भड़काने के लिए हावड़ा जा रहे थे।

प्रमुख खबरें

Delhi Metro के सेवा तीर्थ स्टेशन पर ट्रेन के आगे कूदा अज्ञात व्यक्ति, हुई मौत

Navy Chief एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने Mauritius PM से मुलाकात कर समुद्री सुरक्षा पर चर्चा की

NIA ने Manipur IED attack मामले में पालाल थाडौ को किया गिरफ्तार, 10 दिन की हिरासत

Noida में असम की युवती की हत्या का आरोपी Raman Raj गिरफ्तार, बिहार से ला रही पुलिस