By अभिनय आकाश | Aug 20, 2024
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ सीवी आनंद बोस ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, कोलकाता की द्वितीय वर्ष की पीजीटी महिला रेजिडेंट डॉक्टर के साथ कथित बलात्कार और हत्या के संबंध में चल रहे आंदोलन के लिए एक मोबाइल नियंत्रण कक्ष खोला है, जिसका नंबर 03322001641 और 9289010682 है। यदि कोई भी व्यक्ति एचजी को कुछ बताना चाहता है तो वह इन नंबरों पर कॉल कर सकता है। मोबाइल कंट्रोल रूम से पहला कॉल राज्यपाल ने मृतक डॉक्टर के पिता को किया था। राज्यपाल ने हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को कहा कि केंद्र सरकार कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या के मामले पर ‘पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता’ के साथ नजर रखे हुए है और पीड़िता को न्याय सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाएगी। भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि उच्चतम न्यायालय की ओर से की गई टिप्पणियों के बाद भी अगर कोई इस मामले में बचाव का प्रयास करे तो यह ‘संवेदनहीनता और सत्तालोलुपता’ में मानवीय मूल्य को कुचलने की पराकाष्ठा होगी।