By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 27, 2026
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोपी 23 वर्षीय युवक की पुलिस के साथ मुठभेड़ में मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार रात गाइघाटा में हुई, जहां आरोपी को अपराध के पूरे घटनाक्रम को नाटकीय रूप से दोहराने के लिए ले जाया गया था।
शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस अधिकारी की पिस्तौल कैसे छीनी और गोलीबारी किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा सकती है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी की गोलीबारी में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी के गोली चलाने पर पुलिसकर्मियों ने पास की नहर में छिपकर अपनी जान बचाई। मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे और घटना पर नाराजगी जताई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
आरोपी को 11वीं कक्षा की छात्रा से कथित दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। छात्रा का शव रविवार सुबह गाइघाटा इलाके में एक पड़ोसी के घर के बाहर मिला था। वह शनिवार रात अपने घर के पास आयोजित संगीत कार्यक्रम में गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वह किसी का फोन आने के बाद कार्यक्रम स्थल से चली गई और रात में घर नहीं लौटी। पश्चिम बंगाल में तीन महीने के भीतर यह दूसरी घटना है, जब अपराध के घटनाक्रम को नाटकीय रूप से दोहराने के दौरान पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश करने वाले दुष्कर्म के किसी आरोपी की गोली लगने से मौत हुई। जुलाई में दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले के मुख्य आरोपी की भी पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई थी।