Bengaluru में Vidhana Soudha और डिप्टी सीएम आवास को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी, आरोपी अरेस्ट

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 27, 2026

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के आवास और विधान सौध को बम से उड़ाने की झूठी धमकी देने के आरोप में 20 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने एक ऐप के जरिये ऑटो-रिक्शा बुक करने के बाद यह धमकी दी थी। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान कार्तिक आर. के रूप में हुई है।

वह बेंगलुरु के ब्यादरहल्ली इलाके के बालाजीनगर का निवासी है। पुलिस ने बताया कि यह धमकी पांच नवंबर को दी गई थी। आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है।

उसने बताया कि यहां सदाशिवनगर थाने में एक ऑटो-रिक्शा चालक की शिकायत पर सात नवंबर को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(4) (आपराधिक धमकी) और 353(1)(बी) (सार्वजनिक स्तर पर शरारत को बढ़ावा देने वाले बयान) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी के अनुसार, 26 वर्षीय ऑटो-रिक्शा चालक को पांच नवंबर को शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर एक ऐप के जरिये बुकिंग मिली थी। कार्तिक नाम के ग्राहक ने पैलेस नगर से राजराजेश्वरी नगर के केंचेनाहल्ली तक जाने के लिए ऑटो बुक किया था।

चालक ऐप पर दिए गए निर्देशों का पालन करते हुए ग्राहक के बताए गए ‘पिकअप’ स्थान पर पहुंचा और दिए गए मोबाइल नंबर पर फोन किया। जब उसने ग्राहक से पूछा कि वह कहां है, तो कथित तौर पर उसने बताया कि वह मुख्यमंत्री के आवास के अंदर है। उसने चालक से गेट पर मौजूद किसी व्यक्ति को फोन देने को कहा और बताया कि वह उसे पता बता देगा।

इसके बाद चालक ने वहां बैरिकेड के पास खड़े एक पुलिसकर्मी से संपर्क किया और उसे अपना फोन दे दिया। शिकायत के अनुसार, फोन पर बात करने के बाद पुलिसकर्मी ने ऑटो-रिक्शा की जांच की। पुलिस ने बताया कि जब चालक ने पूछा कि उसके वाहन की जांच क्यों की जा रही है, तो पुलिसकर्मी ने उसे बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने मुख्यमंत्री के आवास और विधान सौध में बम लगाने तथा मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान विस्फोट करने की धमकी दी है।

शिकायत के अनुसार, चालक ने पुलिस को बताया कि उस व्यक्ति ने ऐप के जरिये उसका ऑटो बुक किया था और वह उसे लेने आया था। उसने बुकिंग का संदेश भी दिखाया और कहा कि वह उस व्यक्ति को नहीं जानता। पुलिस ने बताया कि चालक अपने एक बीमार रिश्तेदार की देखभाल में व्यस्त होने के कारण तत्काल शिकायत दर्ज नहीं करा सका।

वह बाद में सात नवंबर को थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उसी दिन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रमुख खबरें

Tech Mahindra Bonus Share | मुनाफे के साथ मुफ्त शेयरों का तोहफा! 11 साल बाद बोनस बांट रही है ये IT कंपनी, जानें किस तारीख तक खरीदने पर मिलेगा फायदा

ड्राफ्ट देखे बिना Delimitation Bill पर फैसला नहीं, सुप्रिया सुले ने NCP-SP के पत्ते अभी नहीं खोले

BJD ने Women Reservation Bill का किया समर्थन, Delimitation में Odisha के हितों की मांग की

मनी लॉन्ड्रिंग मामले में AAP नेता दीपक सिंगला को बड़ी राहत, SC से मिली अंतरिम जमानत